फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारतीय टीम को नहीं मिलेगा पांच सितारा होटल: एशियाड के दौरान तय आवास में ही ठहरेंगे खिलाड़ी, बीसीसीआई संतुष्ट

Tue, 08 Sep 2026 10:02 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एशियाई खेलों के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम आयोजकों द्वारा ठहराए जाने वाले आवास में ही ठहरेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्य राजीव शुक्ला ने इस बात की पुष्टि कर दी है।
विज्ञापन
श्रेयस और तिलक - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय क्रिकेटर आयोजन समिति की ओर से तय आवास में ही ठहरेंगे। क्रिकेटरों को हालांकि विदेशी दौरों पर आमतौर पर मिलने वाले पांच सितारा होटलों जैसी सुविधाएं नहीं मिलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को यह जानकारी दी। शुक्ला ने कहा कि नागोया में शीर्ष श्रेणी के होटलों की कमी के कारण क्रिकेटरों के ठहरने को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन आवास को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं है और बीसीसीआई तथा खिलाड़ी मौजूदा व्यवस्था से संतुष्ट हैं।
विज्ञापन

टोक्यो या ओसाका में दिया गया था विकल्प
भारतीय दल के विदाई समारोह के दौरान शुक्ला ने कहा, आयोजक जो सुविधा दे रहे हैं, हम वहीं ठहर रहे हैं। हम लगातार यह देख रहे हैं कि खिलाड़ियों को किस तरह का आवास दिया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। निश्चित तौर पर यह पांच सितारा नहीं है लेकिन अच्छा और आरामदायक आवास है। क्रिकेटरों के लिए जो आवास तय किए गए हैं, उसकी तस्वीरें और वीडियो हमने मंगवाए हैं। मुझे लगता है कि यह आरामदायक है। खिलाड़ी वहीं ठहरेंगे क्योंकि दूसरा विकल्प उन्हें ओसाका या टोक्यो में ठहराने का था, जो काफी दूर है।

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने भी कहा कि आवास से जुड़ी समस्या का समाधान कर लिया गया है। उषा ने कहा, कोई समस्या नहीं है। हमने होटल पहले ही बुक कर लिए हैं। हम हर खिलाड़ी के लिए अलग से होटल का कमरा बुक नहीं कर सकते, क्योंकि वहां खिलाड़ियों के गांव जैसी व्यवस्था नहीं है। आयोजक जहाज और छोटे विला जैसी आवास सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं।
विज्ञापन

अलग-अलग कमरों में ठहरेंगे खिलाड़ी
शुक्ला ने स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेटर दो खिलाड़ियों के साझा कमरों में नहीं, बल्कि अलग-अलग कमरों में ठहरेंगे। भारतीय टीम 20 सितंबर को टोक्यो के लिए रवाना होगी और 22 सितंबर को जापान के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 मुकाबला खेलेगी। भारत एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर को करेगा। उन्होंने कहा, समस्या यह थी कि नागोया में ज्यादा होटल नहीं हैं। टोक्यो बुलेट ट्रेन से करीब डेढ़ घंटे की दूरी पर है और ओसाका भी इतनी ही दूर है। एशियाई खेलों में सभी प्रतिभागी एक परिवार की तरह होते हैं। यह अच्छा नहीं लगता कि कुछ टीमें टोक्यो में और कुछ ओसाका में ठहरें। इसलिए तय किया गया कि हमारे खिलाड़ी नागोया में ही होटल में ठहरेंगे।

शुक्ला ने आवास के मुद्दे को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि असली चिंता मैदान, पिच और ड्रेसिंग रूम की स्थिति को लेकर थी। उन्होंने बताया कि एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की टीम नागोया का दौरा कर चुकी है और वहां की व्यवस्थाओं से संतुष्ट है। उन्होंने कहा, बड़ा मुद्दा मैदान, पिच और ड्रेसिंग रूम का था। आयोजकों ने इन सभी चीजों पर काम किया है। एसीसी की टीम वहां गई थी और अब वह मैदान, पिच तथा ड्रेसिंग रूम समेत सभी व्यवस्थाओं से संतुष्ट है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें