वर्ष के अंत में होने वाले ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए जब तक भारतीय टीम की घोषणा नहीं हो जाती, कम से कम तब तक तीन निवर्तमान चयनकर्ताओं देवांग गांधी, जतिन परांजपे और शरणदीप सिंह के बने रहने की संभावना है ताकि निरंतरता सुनिश्चित रहे। स्वास्थ्य सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ऑस्ट्रेलिया के लिए विशाल टीम भेजना चाहेगा जिसमें 23 से 25 खिलाड़ी शामिल हों।
गांधी, परांजपे और सिंह का चार साल का कार्यकाल (तीन प्लस एक) 30 सितंबर को खत्म हो रहा है लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अभी उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेने की संभावना नहीं है बल्कि वह मौजूदा समिति के साथ ही बना रहेगा।
क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) को जल्द खाली होने वाले इन तीन पदों के लिए साक्षात्कार कराने के संबंध में बोर्ड से अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। इस समिति में मदन लाल (अध्यक्ष), रूद्र प्रताप सिंह और सुलक्षणा नायक शामिल हैं।
बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, ‘हां, सीएसी को अभी तक कोई सूचना नहीं भेजी गई है। निश्चित रूप से कोविड-19 लॉकडाउन ने सभी योजनाओं को अव्यवस्थित कर दिया है और अब ध्यान इंडियन प्रीमियर लीग पर है। साथ ही अभी कोई घरेलू क्रिकेट भी नहीं खेला जा रहा है। ’
बीसीसीआई के अंदर ही एक विचार यह चल रहा है कि आईपीएल के शुरू होने से बेहतर यही होगा कि पैनल के तीनों निवर्तमान सदस्यों को कम से कम ऐसे ही बरकरार रखा जाए, जब तक आस्ट्रेलिया के लिए टीम घोषित नहीं हो जाती। टीम की घोषणा अक्टूबर के दूसरे और तीसरे हफ्ते के बीच होगी।