भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। उनके इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। पूर्व क्रिकेटरों से लेकर आईपीएल फ्रेंचाइजी तक ने शमी के शानदार टेस्ट करियर को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। किसी ने उन्हें मैदान का योद्धा बताया तो किसी ने उनकी गेंदबाजी में देर से मिलने वाले स्विंग और सीम मूवमेंट को याद किया। मोहम्मद शमी ने अपने टेस्ट करियर में 64 मुकाबले खेले और 229 विकेट अपने नाम किए। करीब एक दशक से अधिक समय तक भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अहम कड़ी रहे शमी अपनी तेज रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता के लिए पहचाने जाते रहे। उन्होंने कई मौकों पर मुश्किल परिस्थितियों में टीम इंडिया को अहम सफलताएं दिलाईं।
मनोज तिवारी ने बताया सच्चा योद्धा
बंगाल के पूर्व कप्तान मनोज तिवारी ने शमी के साथ बिताए दिनों को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'भले ही अब लाल गेंद उनके हाथों में नहीं होगी, लेकिन उनकी तूफानी गेंदबाजी की यादें हमेशा क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में रहेंगी। कुछ दिग्गज अलविदा नहीं कहते, बल्कि इतिहास बन जाते हैं। जब मैं बंगाल टीम की कप्तानी कर रहा था और शमी मेरी टीम का हिस्सा थे, तब मैंने उन्हें करीब से देखा। वह दिल से एक योद्धा हैं।'
मुनाफ पटेल और धवन ने भी दी शुभकामनाएं
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने भी शमी को शानदार करियर के लिए बधाई दी। साथ ही उम्मीद जताई कि वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे। मुनाफ ने लिखा, 'टेस्ट क्रिकेट में आपकी कमी खलेगी दोस्त। शानदार करियर के लिए बधाई। जल्द ही नीली जर्सी में फिर मुलाकात होगी।' वहीं, पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने संक्षिप्त संदेश में लिखा, 'शानदार करियर के लिए बधाई भाई।' पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी शमी को शुभकामनाएं देते हुए उनके करियर की सराहना की।
मोहम्मद शमी
- फोटो : ANI/ICC
इरफान पठान ने याद की शमी की खास गेंदबाजी
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने शमी की गेंदबाजी की सबसे खास खूबियों में से एक यानी गेंद को पिच पर पड़ने के बाद देर से मूव कराने की क्षमता की तारीफ की। उन्होंने शमी की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'आपके शानदार रेड बॉल करियर के लिए बहुत-बहुत बधाई। लाल गेंद से आपकी देर से मिलने वाली मूवमेंट को काफी मिस किया जाएगा।'
पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स ने भी खास अंदाज में दी विदाई
मोहम्मद शमी की पूर्व आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स ने भी उनके टेस्ट करियर को याद किया। पंजाब किंग्स ने लिखा, 'लाला, आपकी शानदार सीम पोजिशन और लाल गेंद से किए गए जादू को हम मिस करेंगे।" वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने संदेश में लिखा, "लाल गेंद अपने सबसे पसंदीदा गेंदबाज को याद करेगी।" शमी के लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथी खिलाड़ी मोहसिन खान ने भी उन्हें बधाई देते हुए लिखा, "हैप्पी रिटायरमेंट भैया।'
हर्षा भोगले ने बताया सीम गेंदबाजी का मास्टर
मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले का संदेश शमी के लिए सबसे भावुक संदेशों में शामिल रहा। उन्होंने शमी की सीम गेंदबाजी की कला और मुश्किल परिस्थितियों में विकेट निकालने की उनकी क्षमता की जमकर तारीफ की। भोगले ने लिखा कि शमी ने जिस तरह लाल गेंद को सीम पर नियंत्रित किया, वैसा करने वाले गेंदबाज बहुत कम हुए हैं। जब मुकाबला किसी नतीजे की ओर बढ़ता नहीं दिखता था, तब शमी अपनी गेंदबाजी से अचानक मैच का रुख बदल देते थे। उन्होंने आगे लिखा, 'मोहम्मद शमी, आपने बहुत शानदार खेल दिखाया। आपको सफेद गेंद के क्रिकेट के लिए मेरी शुभकामनाएं। उम्मीद है कि आप गेंदबाजी के उन बुनियादी सिद्धांतों को आने वाली पीढ़ी के गेंदबाजों तक पहुंचाएंगे, जो आपके नक्शेकदम पर चलना चाहते हैं।'
मोहम्मद शमी
- फोटो : ANI/ICC
सीएसके ने आंकड़ों के जरिए किया शमी को सलाम
चेन्नई सुपर किंग्स ने भी शमी के टेस्ट करियर के आंकड़ों को साझा करते हुए उन्हें याद किया। फ्रेंचाइजी ने लिखा, '64 मैच, 122 पारियां और 229 विकेट। जब भी गेंद आपके हाथ में आई, आपने अपना सब कुछ झोंक दिया। और ज्यादातर मौकों पर आपने हमें जश्न मनाने का मौका दिया। सफेद जर्सी में इन यादगार लम्हों के लिए शुक्रिया शमी।' मोहम्मद शमी का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास भारतीय क्रिकेट के एक शानदार गेंदबाजी अध्याय का अंत है। हालांकि, क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद रहेगी कि वह वनडे और टी20 क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी से टीम इंडिया के लिए इसी तरह अहम भूमिका निभाते रहेंगे।