क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से पहले बड़ा फैसला लिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अगली पीढ़ी के गेंदबाजों को तैयार करने के लिए एडम ग्रिफिथ को नया राष्ट्रीय तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज 30 की उम्र पार कर चुके हैं, लेकिन ग्रिफिथ को तेज गेंदबाजों को तैयार करने का जिम्मा सौंपा जाएगा।
ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार इस भूमिका के लिए पहली बार अक्तूबर में विज्ञापन दिया गया था जो ऑस्ट्रेलिया में रहकर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू प्रतियोगिताओं में तेज गेंदबाजों के प्रबंधन से जुड़ा था जिससे कि चोटों की बढ़ती संख्या को रोका जा सके और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों का प्रबंधन करते हुए अधिक समन्वित दृष्टिकोण सुनिश्चित किया जा सके। ग्रिफिथ 46 वर्ष के हैं और ऑस्ट्रेलिया के पुरुष टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड और मौजूदा गेंदबाजी कोच डेनियल विटोरी के अधीन काम करेंगे।
वे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीमों के प्रमुख बेन ओलिवर को भी रिपोर्ट करेंगे। वह अभी विक्टोरिया के गेंदबाजी कोच हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं। ग्रिफिथ 2012 और 2016 में तथा 2019 वनडे विश्व कप के दौरान सीमित समय के लिए ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम के साथ काम कर चुके हैं।