क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने घोषणा की है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन के गाबा में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के पहले दिन 30145 दर्शकों को टिकट की पूरी राशि वापस दी जाएगी। दोनों टीमों के बीच पहले दिन का खेल बारिश से प्रभावित रहा था और सिर्फ 13.2 ओवर का खेल ही हो सका था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नीति के अनुसार, दर्शकों को पूरी राशि लौटाई जाएगी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नीति है कि 15 ओवर से कम मैच होने पर दर्शकों को टिकट का पूरा रिफंड दिया जाएगा। मैच के पहले दिन 15 ओवर से भी कम का खेल हुआ। बारिश के कारण पहले दिन का खेल प्रभावित होने के बाद अब दूसरे दिन 98 ओवर का खेल होगा और निर्धारित समय से आधा घंटे पहले मैच शुरू हो जाएगा। भारतीय समयानुसार, मैच सुबह 5:20 पर शुरू होगा।
मैच का हाल
लगातार बारिश के कारण भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो गया। स्टंप्स तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 28 रन बनाए हैं। उस्मान ख्वाजा 19 रन और नाथन मैकस्वीनी चार रन बनाकर नाबाद हैं। गाबा टेस्ट के पहले दिन बारिश के कारण बार-बार खेल बाधित हुआ। पहली बार 5.3 ओवर के बाद बारिश के कारण 20-25 मिनट का खेल बर्बाद हुआ था। फिर 13.2 ओवर के बाद एक बार फिर खेल को रोकना पड़ा।
शुरुआती दिन पहले सत्र में फिर भी कुछ खेल संभव हुआ, लेकिन लंच ब्रेक से पहले ही बारिश दोबारा शुरू हुई और मैच को रोकना पड़ा। दूसरे सत्र का खेल पूरी तरह धुल गया था, लेकिन इसके बाद भी स्थिति नहीं बदली और अंपायर ने स्टंप का फैसला किया। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए। रविचंद्रन अश्विन और हर्षित राणा को बाहर किया गया। उनकी जगह रवींद्र जडेजा और आकाश दीप की टीम में वापसी हुई। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम में एक बदलाव है। स्कॉट बोलैंड की जगह जोश हेजलवुड को शामिल किया गया।