भारतीय टीम का अभ्यास सत्र (फाइल फोटो)
- फोटो : ट्विटर
क्रिकेट की शुरूआत को लेकर ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका ने कमर कस ली है, वहीं बीसीसीआई और उसके राज्य संघ किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं हैं। भारतीय बोर्ड ने गृह मंत्रालय की ओर से स्टेडियम खोले जाने के दिशा निर्देश के बाद राज्यों में कौशल आधारित अभ्यास की संभावनाएं तलाशने की बात कही थी, लेकिन कोरोना के खौफ से किसी भी राज्य क्रिकेट एसोसिएशन ने अब तक अपने यहां इस तरह की गतिविधि शुरू करने में कोई रुचि नहीं दिखाई है और न ही बोर्ड ने उन पर कोई दबाव बनाया है।
बोर्ड दो से तीन दिनों के अंदर क्रिकेट गतिविधियों को लेकर दिशा निर्देश सामने लाने जा रहा है। बावजूद इसके राज्य संघ क्रिकेट गतिविधि शुरू कराने की जल्दबाजी में नहीं हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन समेत कुछ राज्यों ने अपने चुनींदा क्रिकेटरों को नियमों के दायरे में रहते अभ्यास की अनुमति प्रदान की है। इनमें कुलदीप यादव और अंकित राजपूत प्रमुख हैं।
SOP के बाद भी शुरूआत की गारंटी नहीं
बीसीसीआई
बोर्ड के एक पदाधिकारी ने अमर उजाला से खुलासा किया कि किसी भी राज्य ने अब तक क्रिकेट गतिविधि शुरू कराने को लेकर संपर्क नहीं किया है। न ही बोर्ड उन पर दबाव बना रहा है। सचिव जय शाह की निगरानी में एसओपी पर काम जारी है। दो से तीन दिनों में इसे जारी कर दिया जाएगा। एसओपी के लिए ट्रेनरों, मेडिकल विशेषज्ञों, कोचेज की सलाह ली जा रही है। साथ ही आईसीसी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एसओपी का भी अध्ययन किया जा रहा है। वहीं यूपीसीए के एक पदाधिकारी का कहना है कि पहले बोर्ड की गाइडलाइंस आ जाएं। तभी इस बारे में कुछ सोचा जा सकता है। अभी स्थितियां अभ्यास शुरू कराने के हक में नहीं हैं। वहीं पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के एक पदाधिकारी का कहना है कि एसओपी आने के बाद भी जल्द अभ्यास शुरू होगा इसकी गारंटी नहीं है।
कुलदीप और अंकित जुटे अभ्यास में
कुलदीप यादव और अंकित सिंह राजपूत (File)
यूपीसीए ने चाइनामैन कुलदीप यादव, मध्यम तेज गेंदबाज अंकित राजपूत, अंडर-23 क्रिकेटर त्रिशाल और महिला क्रिकेटर एकता सिंह को अभ्यास की अनुमति दी है। चारों कानपुर से संबंधित हैं। इन्हें सेनिटाइजेशन और दूरी बनाकर अभ्यास की अनुमति दी गई। कुलदीप जहां कोच कपिल पांडे के संरक्षण में रोवर्स मैदान में अभ्यास कर रहे हैं। वहीं अंकित ने अभ्यास के लिए कमला क्लब चुना है। कपिल के मुताबिक कुलदीप का किसी से संपर्क नहीं कराया जाता है। नेट समेत सभी उपकरणों को पहले सेनिटाइज कर अभ्यास होता है। अभी कुलदीप की फिटनेस पर काम चल रहा है। वह रोजाना 15 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं।