सेंट कीट्स एवं नेविस पैट्रियट्स ने कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में आखिरकार जीत दर्ज की, जबकि जमैका तल्लवाह ने एक कम स्कोर वाले मैच में गुयाना अमेजॉन वारियर्स को हराया। सलामी बल्लेबाज इविन लुईस ने 60 गेंदों पर 89 रन बनाए, जिससे पैट्रियट्स ने बारबाडोस ट्रिडेंट्स के खिलाफ छह विकेट से जीत दर्ज की। यह सीपीएल में पिछले चार मैचों में उसकी पहली जीत है।
बारबाडोस ने पहले बल्लेबाजी का मौका मिलने पर निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 151 रन बनाए। उसकी तरफ से कोरे एंडरसन ने 31 और शाई होप ने 29 रन का योगदान दिया। पैट्रियट्स ने 19.3 ओवर में चार विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल किया। लुईस ने 19वें ओवर में आउट होने से पहले अपनी पारी में दो चौके और नौ छक्के लगाए। एक अन्य मैच में जमैका ने गुयाना को पांच विकेट से हराया।
फिदेल एडवर्ड्स (30 रन देकर तीन) और मुजीब उर रहमान (11 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से जमैका ने गुयाना को नौ विकेट पर 108 रन ही बनाने दिए। जमैका ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 113 रन बनाकर जीत दर्ज की। जमैका के पांच विकेट 62 रन पर निकल गए थे लेकिन इसके बाद निक्रुमाह बोनर (नाबाद 30) और आंद्रे रसेल (नाबाद 23) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।