वेस्टइंडीज के सेंट विन्सेंट में विंसी टी-10 प्रीमियर लीग आयोजित की जा रही है जिसमें 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
- फोटो : TWITTER: @VPLT10
गेंद पर लार नहीं, दीर्घा में दर्शक नहीं और मैदान में प्रवेश से पहले हाथों पर सैनिटाइजर लगाना। कोरोना के इस दौर में क्रिकेट की यह नई रूपरेखा बन रही है। वेस्टइंडीज के सेंट विन्सेंट में विंसी टी-10 प्रीमियर लीग आयोजित की जा रही है जिसमें 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिहाज से यह टूर्नामेंट महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन किसी टेस्ट खेलने वाले देश में यह स्थानीय क्रिकेट संघ (सेंट विन्सेंट एंड ग्रेनडिनेस क्रिकेट एसोसिएशन) से अनुमति प्राप्त यह पहला टूर्नामेंट है।
हालांकि कोविड-19 के बाद वनातू पहला देश था जहां क्रिकेट शुरू हुआ पर विंसी लीग आईसीसी के पूर्ण सदस्यता वाले देश में हो रहा है जिसमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट में विंडीज स्टार सुनील अंबरीस, केसरिक विलियम्स, ओेबेद मैकॉय सहित कुल 6 मर्की खिलाड़ी शामिल हैं। छह टीमों ने 11 मई को हुए ड्रॉफ्ट में कुल 72 खिलाड़ियों को चुना है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर शेलो ने कहा कि पहले इसमें सीमित संख्या (300 या 500) में दर्शकों को अनुमति देने की बाबत सोचा गया था लेकिन बाद में विशेषज्ञों की सलाह पर ऐसा न करने का फैसला किया गया। किशोर क्रिकेट वेस्टइंडीज के उपाध्यक्ष भी हैं। कोविड-19 से पहले मार्च में अंतिम मान्यता प्राप्त मैच पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स और क्वेटा ग्लेडिएटर्स के बीच खेला गया था।
- कोरोना के बाद यह पहला टूर्नामेंट है जिसमें गेंदबाज गेंद पर लार का इस्तेमाल नहीं कर रहे।
- बाउंड्री पर सैनिटाइजर्स रखा रहता है , साथ ही खिलाड़ियों का तापमान भी जांचा जाएगा
- अंपायर फेस मास्क पहनेंगे, विकेट गिरने पर हाथ नहीं पांव मिलाएंगे, हाई फाइव्स की जगह जमीन की तरफ पंच कर सकते हैं
- मैच के दौरान अल्पावधि के अतिरिक्त ब्रेक लिए जा रहे हैं ताकि खिलाड़ी हाथों को सैनिटाइज कर सकें