पिछले वर्ल्ड कप के नॉकआउट दौर में पहुंचने के बाद बांग्लादेश ने अब अगले वर्ल्ड कप के लिए तैयारी शुरू कर दी है और इसके लिए बड़ा फैसला ले लिया।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और महान तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श को बांग्लादेश क्रिकेट टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 2019 में होने वाले अगले वनडे वर्ल्ड कप तक होगा। बांग्लादेश ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश किया था। साथ ही बांग्ला टीम तब से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। वह अपने घर में दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान के साथ-साथ टीम इंडिया से वनडे सीरीज जीत चुकी है।
अब बांग्लादेश अपने इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने को बेताब दिख रहा है। उसके पास तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान समेत कई शानदार गेंदबाज हैं जिसे वॉल्श और तराश सकते हैं।
वॉल्श जिम्बाब्वे के पूर्व तेज गेंदबाज हीथ स्ट्रीक की जगह लेंगे जो इस साल मई में 2 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद चले गए थे। दूसरी ओर, वॉल्श जो अगस्त तक वेस्टइंडीज टीम के चयनकर्ता के रूप में कार्यरत थे। वह अब इस महीने एक नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
वह इंग्लैंड के बांग्लादेश दौरे पर आने से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे। इंग्लैंड की टीम ने जुलाई में ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद इस देश का दौरा करने का फैसला लिया है।