एक ओर जहां राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच शुक्रवार को आईपीएल 6 के फाइनल में पहुंचने की जंग होगी। वहीं दो टीमों के बीच इस जंग के अलावा एक और जंग भी होने की संभावना है जो मैच का रोमांच बढ़ा सकती है।
इस निर्णायक क्वालिफायर मुकाबले के अलावा मैदान पर जिस जंग की बात हो रही है वह है राजस्थान के आउराउंडर शेन वॉटसन और मुंबई के आतिशी बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड के बीच नोक-झोंक की। 15 मई को मुंबई में दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ था और इस मुकाबले में मुंबई ने टीम ने बाजी मार ली थी।
तब अपनी टीम की खस्ता हालत देखकर वॉटसन पोलार्ड को ठीक से जवाब नहीं दे पाए थे लेकिन संयोग से इसी आईपीएल में एक बार फिर दोनों खिलाड़ी मैदान पर आमने-सामने होंगे और वॉटसन के पास पोलार्ड को सबक सीखाने का नायाब मौका भी होगा।
दोनों ही अपनी टीम के बेजोड़ खिलाड़ियों में शुमार हैं। साथ ही उन्हें मैच जीताऊ खिलाड़ी के रूप में जाना जाता है। इस निर्णायक मुकाबले में दोनों टीमों का काफी कुछ इन दो खिलाड़ियों पर निर्भर की करेगा। मैच के रोमांच के बीच दोनों खिलाड़ियों के बीच होने वाली जुबानी जंग का भी लुत्फ दर्शक उठा सकते हैं।
पोलार्ड की फब्तियों का जवाब नहीं दे पाया ये बल्लेबाज
15 मई को हुए मैच में इस नोक-झोंक की शुरुआत पोलार्ड ने की थी और वह लगातार वॉटसन को उकसाते रहे। स्लेजिंग की शुरुआत उस समय हुई जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान टीम की ओर से वॉटसन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने क्रीज पर आए तो प्वाइंट पर खड़े पोलार्ड ने उन पर कुछ भब्तियां कसी जिसे सुनकर वॉटसन नाराज हो गए।
इसके बाद तो पोलार्ड ने वॉटसन पर मैच खत्म होने तक जमकर अपना निशाना बनाया। वॉटसन बेहतरीन खिलाड़ी होने के अलावा मैदान पर विपक्षी खिलाड़ियों से उलझने वाले खिलाड़ी के रूप में जाने जाते हैं। वहीं पोलार्ड भी लगभग हर मैच में किसी न किसी विपक्षी खिलाड़ी को अपने निशाने पर लेते रहे हैं। नोक-झोंक के मामले में वह अपने देश के खिलाड़ियों को भी नहीं छोड़ते। पोलार्ड चेन्नई के डेरेन ब्रावो से मैदान पर कई बार बुरी तरह से उलझ चुके हैं।
ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि वॉटसन और पोलार्ड की जुबानी जंग मैदान पर क्या गुल खिलाती है और यह किस टीम के लिए फायदेमंद साबित होगा।