इंग्लैंड दौरे पर रवाना होने से पहले पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के लिए बुरी खबर है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपने तीन खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। रावलपिंडी में रविवार को पांच क्रिकेटर्स का परीक्षण किया गया था, जिसके बाद हैदर अली, हारिस रऊफ और शादाब खान की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि उस्मान शिनवारी और इमाद वसीम स्वस्थ्य बताए गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक टेस्ट से पहले तीनों में से किसी भी खिलाड़ी में कोई लक्षण नहीं पाए गए थे। सोमवार को एक बयान जारी करते हुए पीसीबी ने बताया कि, 'तीनों खिलाड़ियों को तत्काल प्रभाव से क्वारंटीन होने कह दिया गया है। शोएब मलिक, वकार यूनुस ने भी कराची और पेशावर में आज टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार तक आ सकती है।
पाकिस्तान की टीम को इस महीने के आखिर में इंग्लैंड दौरे पर जाना है। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाड़ी अलग-अलग शहरों में थोड़ी बहुत प्रैक्टिस कर रहे हैं और उन्हीं जगहों पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का कोरोना टेस्ट भी होगा। लाहौर में 24 जून को सभी खिलाड़ी एकत्रित होंगे, जहां से टीम मैनचेस्टर के लिए उड़ान भरेगी।
यह पहला मौका होगा जब कोरोना की वजह से ठप पड़ी क्रिकेट गतिविधियों को दोबारा शुरू करने के बीच किसी क्रिकेट टीम से खिलाड़ी कोविड ग्रसित पाए गए, हालांकि इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे।