पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पीएसएल में शामिल रहे 128 खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ, मैच अधिकारियों, टीम मालिकों और प्रसारणकर्ताओं के कोरोना वायरस के परीक्षण नेगेटिव रहे हैं।
पीसीबी ने 17 मार्च को ये परीक्षण किए थे। इसके अलावा मुल्तान सुल्तान्स ने सोमवार को कोविड-19 के 17 परीक्षण किए और इनके परिणाम भी ‘नेगेटिव’ रहे। पीसीबी को कोरोना वायरस प्रकोप के कारण पाकिस्तान सुपर लीग को नॉकआउट चरण से स्थगित करना पड़ा था।
पीसीबी के मुख्य कार्यकारी वसीम खान ने कहा, ‘टूर्नामेंट के आखिर तक यहां रुके रहने का फैसला करने वाले सभी खिलाड़ियों, सहयोगी कर्मचारियों, प्रसारकों और मैच अधिकारियों के कोविड-19 के लिए किए गए परीक्षण नेगेटिव रहे।’ उन्होंने कहा, ‘पीसीबी परीक्षणों के परिणाम से खुश है और उसे खुशी है कि सभी खिलाड़ी और अधिकारी किसी तरह की स्वास्थ्य और सुरक्षा चिंताओं के बिना अपने परिजनों से जुड़ सकते हैं।’
प्रसारण से जुड़े 29 भारतीय सदस्य वायु मार्ग से आएंगे
इस बीच सूत्रों ने कहा कि बोर्ड प्रसारण से जुड़े 29 भारतीय सदस्यों के लिए वापसी की उड़ान की व्यवस्था कर रहा है। इन सभी को बुधवार को बाघा-अटारी बार्डर से भारत में प्रवेश करने से रोक दिया गया था। सूत्रों ने कहा, ‘भारतीय स्टाफ को वाघा के जरिये सड़क के रास्ते स्वदेश लौटना था लेकिन उन्हें रोक दिया गया और अटारी से उन्हें वापस भेज दिया गया क्योंकि उनके यात्रा दस्तावेजों के अनुसार वे केवल हवाई यात्रा से ही वापस लौट सकते थे।’