भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने मंगलवार को कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज ली। 71 वर्षीय दिग्गज ने स्वदेशी कोविशील्ड का टीका लगवाया। 1983 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे गावस्कर उन खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिन्होंने वैक्सीन ले ली है।
गौरतलब है कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले 10,000 रन बनाने वाले गावस्कर ने छह मार्च को अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के 50 वर्ष पूरे किए थे और इस मौके पर बीसीसीआई ने उन्हें सम्मानित भी किया था।
बात करें कोरोना की वैक्सीन लगवाने वाले खिलाड़ियों की तो टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव, भारतीय टीम के मौजूदा मुख्य कोच रवि शास्त्री, पूर्व भारतीय धाकड़ बल्लेबाज संदीप पाटिल और मदनलाल कोरोना भी टीका लगवा चुके हैं।
बता दें कि देश में कोरोना टीकाकरण का दूसरा दौर शुरू हो चुका है। इसमें 45 और 60 से अधिक उम्र के लोग टीका लगवा सकते हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले एक मार्च को टीका लगवाकर दूसरे चरण की शुरुआत की थी।