प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से पार पाने में विराट कोहली, पीवी सिंधु, सचिन तेंदुलकर समेत शीर्ष खिलाड़ियों से लोगों को जागरूक करने का आग्रह करते हुए शुक्रवार को यहां कहा कि इस महामारी के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में ‘टीम इंडिया’ के रूप में भारत को विजयी बनाना है।
प्रधानमंत्री ने तेजी से फैल रही कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकने के लिए राष्ट्रीय लॉकडाउन के बीच देश के 40 से अधिक खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के जरिए एक घंटे तक बात की, जिनमें बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, दिग्गज सचिन तेंदुलकर और वर्तमान कप्तान विराट कोहली जैसे शीर्ष क्रिकेटर भी शामिल थे। इनमें से कुछ खिलाड़ियों ने अपने सुझाव भी रखे और मोदी ने कहा कि उन पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।
पीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ने वाले खिलाड़ियों में क्रिकेटर्स के अलावा शटलर पीवी सिंधु, धावक हिमा दास, शूटर मनु भाकर, वेटलिफ्टर मीराबाई चानू, शूटर अभिषेक वर्मा, पैरा एथलीट शरद कुमार प्रमुख थे।
विश्व चैम्पियनशिन कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन स्टार बी साई प्रणीत ने भी इस कॉल में हिस्सा लिया और उसकी एक क्लिप ट्विटर पर डाली। इसमें मोदी ने कहा, ‘आपके सुझावों पर भी सरकार द्वारा पूरा ध्यान दिया जाएगा। कोरोना के खिलाफ इस वैश्विक लड़ाई में हमें टीम इंडिया के रूप में भारत को विजयी बनाना है। मुझे विश्वास है कि हम सभी के सामूहिक प्रयासों से देश में नई ऊर्जा का संचार होता है।’
प्रधानमंत्री ने ‘संकल्प, संयम, सकारात्मकता, सम्मान और सहयोग’ के पांच सूत्री मंत्र देते हुए कहा कि लोगों का मनोबल बढ़ाने में खिलाड़ी अहम भूमिका निभा सकते हैं। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने भाषा से कहा, ‘बातचीत एक घंटे तक चली जिसमें खिलाड़ियों ने अपने सुझाव रखे और प्रधानमंत्री ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में उनके योगदान की सराहना की।’
ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने ट्वीट किया, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने खिलाड़ियों से बात करके उनसे अपने सोशल मीडिया द्वारा सामाजिक दूरी बनाए रखने का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने और कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।’
इस वीडियो कॉल में खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने भी हिस्सा लिया। महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने बेंगलुरू के भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) शिविर में कोरोना वायरस को लेकर बरती जा रही सावधानियों को लेकर बात की।