न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर
कोरी एंडरसन ने अपने भारत के बारे में बड़ा ही दिलचस्प खुलासा किया है। दरअसल एंडरसन को इंडिया का स्ट्रीट फूड बेहद पसंद हैं। उसमें से भी 'चाट पापड़ी' उनकी पसंदीदा डिश है।
बता दें कि कोरी एंडरसन को न्यूजीलैंड में खेले जा रहे इस बार
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। एंडरसन खुद 2008 में इस टूर्नामेंट का हिस्सा रह चुके हैं।
आईसीसी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वो कुछ रोचक सवालों का जवाब देते हुए दिखाई दे रहे हैं। मालूम हो कि एंडरसन आईपीएल में खेलते हैं और इस टूर्नामेंट के दौरान उनका अधिकतर समय भारत में ही बितता है। इस वीडियो में उन्होंने यह भी खुलासा किया है कि अगर वो आज एक क्रिकेटर नहीं होते तो क्या होते।
इस वीडियो में उनसे उनके पसंदीदा खाने के बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे 'चाट पापड़ी' खाना बहुत पसंद है। साथ ही उन्होंने बताया कि मुझे 'पोकीमॉन कार्टून' देखना अच्छा लगता है।
एंडरसन ने बताया कि अब तक के क्रिकेट करियर में उनकी पसंदीदा पारी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2015 आईसीसी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में वाली थी। उस मैच में उन्होंने 60 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी। बता दें कि इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2014 में 36 गेंद पर शतक जड़कर सनसनी फैला दी थी।
उन्होंने आगे बताया कि अगर मैं आज क्रिकेटर नहीं होता तो एक होम डिजाइनर होता। मुझे घर सजाना बेहद पसंद है।