आईपीएल 2025 को शुरू होने में अब ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है और सभी टीमों ने इसकी तैयारियां अंदर ही अंदर शुरू कर दी हैं। सत्र के शुरू होने से पहले ही हालांकि, मुंबई इंडियंस को झटका लगा है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लिजाड विलियम्स घुटने में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह गेंदबाजी ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने ली है।
अब तक आईपीएल में नहीं किया है डेब्यू
30 वर्षीय बॉश ने 86 टी20 मैच खेले हैं और 59 विकेट लेने में सफल रहे हैं। इस दौरान बॉश का सर्वोच्च स्कोर 81 रन रहा है। दिलचस्प बात यह है कि बॉश ने अब तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की घरेलू टी20 लीग एसए20 में मुंबई इंडियंस केप टाउन को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अभियान के दौरान 11 विकेट भी चटके हैं।
मुंबई इंडियंस ने कहा, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लिजाड विलियम्स चोट के कारण आगामी आईपीएल 2025 से बाहर हो गए हैं और मुंबई इंडियंस ने उनके स्थान पर उनके हमवतन कॉर्बिन बॉश को अनुबंधित किया है।
राजस्थान के नेट गेंदबाज रह चुके हैं बॉश
पिछले साल डेब्यू करने के बाद एक टेस्ट और दो वनडे में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करने वाले बॉश को चोटिल एनरिच नॉर्त्जे की जगह चैंपियंस ट्रॉफी के लिए देश की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था। वह पहले राजस्थान रॉयल्स में नेट गेंदबाज के रूप में टीम का हिस्सा थे।