इंग्लैंड के खेल गलियारे में यह चर्चा जोरों से है कि बल्लेबाज एलिस्टर कुक को इंग्लैंड ने तत्काल प्रभाव से वनडे टीम की कप्तानी पद से हटा दिया है। हालांकि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की ओर से इस बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है। कुक की जगह आतिशी बल्लेबाज इयोन मोर्गन को टीम का नया क्प्तान कप्तान चुना गया है।
ट्रेंट ब्रिज में शुक्रवार को इंग्लैंड वनडे टीम की कप्तानी पद को लेकर चयनकर्ताओं ने लंबी बहस की और टीम को नए कप्तान दिए जाने पर सहमति जताई। ऐसा माना जा रहा है कि शनिवार को ईसीबी इयोन मोर्गन को नए कप्तान के रूप में ऐलान कर सकती है।
अगले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए अब 2 महीने से भी कम समय रह गया है। ऐसे में नए कप्तान मोर्गन के पास काफी बड़ी चुनौती होगी। हालांकि वह इस समय ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग मुकाबलों की तैयारियों में व्यस्त हैं।
29 साल के बल्लेबाज-कप्तान एलिस्टर कुक लंबे समय से वनडे क्रिकेट में अपने खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। अपनी पिछली 22 पारियों में वह महज एक अर्धशतक लगा सके हैं। इंग्लैंड ने 6 में से 5 वनडे सीरीज गंवाई है। हाल में श्रीलंका में खेली गई 7 मैचों की वनडे सीरीज में भी इंग्लैंड की टीम को 2-5 से हार का सामना करना पड़ा था।
भारी दबाव के बीच कुक को हटाया गया
अपने फॉर्म को लेकर संघर्ष कर रहे एलिस्टर कुक को वर्ल्ड कप से पहले हटाने को लेकर इंग्लैंड के कई पूर्व खिलाड़ी लंबे समय से अभियान चला रहे थे। हालांकि चयनकर्ताओं ने उन्हें हटाने की बात से इंकार किया था। लेकिन अब उन्होंने अपने फैसले में बदलाव करने का मन बना लिया है।
चयनकर्ताओं ने कुक को हटाने का समर्थन किया है। इंग्लैंड क्रिकेट के एमडी पॉल डॉउनटोन ने कुक के बारे में कहा था, वह मानते हैं कि कुक एक नेचुरल लीडर हैं। लेकिन उन्हें बहुत आश्चर्य होगा अगर वह वर्ल्ड कप के लिए टीम के कप्तान नहीं होते हैं।
कुक की कप्तानी में इंग्लैंड ने 69 वनडे मैचों में 36 में जीते और 30 मैच गंवाए हैं। हालांकि इसमें अंतिम 37 मैचों में टीम को सिर्फ 15 में जीत मिली है। इंग्लैंड का प्रदर्शन पिछले एक साल में वनडे क्रिकेट में गिरता गया है जिस कारण उसे वर्ल्ड कप के प्रवल दावेदारों में नहीं गिना जा रहा।
दूसरी ओर, इंग्लिश टीम के नए वनडे कप्तान मोर्गन भी वनडे में बहुत शानदार फॉर्म में नहीं चल रहे हैं। उन्होंने अपनी पिछली 20 पारियों में सिर्फ एक फिफ्टी लगाई है। और यह फिफ्टी तब लगाई जब कुक स्लो ओवर रेट के कारण श्रीलंका के खिलाफ एक वनडे मैच के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था।
हालांकि बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है। उन्होंने 8 मैचों में टीम की कप्तानी की है जिसमें उनका औसत 71 के आसपास है। उनके रिकॉर्ड को देखते हुए टीम के भविष्य को शानदार माना जा सकता है।
मोर्गन ने 2006 से अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी अब तक वह 130 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 6 शतक और 22 अर्धशतकों के साथ 3725 रन बनाए हैं।
मोर्गन की नियुक्ति के बाद इंग्लैंड ऐसी टीम हो जाएगी जिसके पास एक साथ 3 कप्तान होंगे। कुक टेस्ट टीम के कप्तान हैं ही, मोर्गन वनडे टीम के कप्तान होंगे, जबकि गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड टी-20 टीम के कप्तान हैं।