टीम इंडिया इस समय बांग्लादेश के दौरे पर है लेकिन वहां पर उसका स्वागत एक विवादित टीवी विज्ञापन से किया जा रहा है जिसमें उसका अभद्र तरीके से मजाक उड़ाया जा रहा है।
विराट कोहली की अगुवाई में बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच लगातार बारिश के कारण ड्रॉ पर खत्म हो गया। टीम इंडिया इस समय यहां पर एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने पहुंची है।
मैदान पर भले ही दोनों टीमों के बीच दौरे के पहले मुकाबले पर पानी फिर गया हो लेकिन मैदान के बाहर एक विवादित विज्ञापन ने माहौल को गरम कर दिया है। बांग्लादेश में एक जून से ही एक विज्ञापन चल रहा है जिसमें टीम इंडिया का गंदे तरीके से मजाक उड़ाया जा रहा है।
यूट्यूब पर इस वीडियो को एक जून को अपलोड किया गया है जिसे अब तक करीब डेढ़ लाख लोगों ने देख लिए हैं। विज्ञापन में जिस तरह से टीम इंडिया का मजाक उड़ाया गया है उसे देखकर लगता है कि वनडे सीरीज में मैदान पर भी इस विज्ञापन का असर जरूर दिखाई देगा।
बांग्लादेश में विवादित एक AD ने उड़ाया मजाक
बांग्लादेश में इन दिनों टीम इंडिया को लेकर एक विवादित विज्ञापन दिखाया जा रहा है जो एक सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी का है।
हालांकि इस विज्ञापन को कोलकाता का बैकग्राउंड दिखाते हुए तैयार किया गया है। यह विज्ञापन टीम इंडिया के बांग्लादेश रवाना होने से पहले का है।
इस विज्ञापन में कोलकाता के एक पार्क में अधेड़े उम्र का एक भारतीय और एक पाकिस्तानी साथ बेंच पर बैठे हैं, जिसमें भारतीय प्रशंसक पाक प्रशंसक की यह कहकर खिल्ली उड़ा रहा है कि हाल ही में बांग्लादेश ने वनडे और टी-20 सीरीज में पाक को हराया था।
इस पर नाराज पाक प्रशंसक पास खड़े एक खोंमचे वाले के पास जाता है और वहां से बांस लाता है। वह भारतीय प्रशंसक को बांस दिखाते हुए कहता है कि तुम्हारा भी यही हाल होगा।
मौका-मौका की तर्ज पर बना AD, देखें VIDEO
टीम इंडिया का मजाक उड़ाया यह विज्ञापन बांग्लादेश में लोकप्रिय हो रहा है। कई स्थानीय प्रशंसक इस विज्ञापन की तारीफ भी कर रहे हैं।
हालांकि इस विज्ञापन को देखकर लग रहा है कि इसे वर्ल्ड कप 2015 के दौरान भारत को खासा लोकप्रिय विज्ञापन मौका-मौका से प्रेरित होकर बनाया गया है।
पूरा वीडियो देखें,