समलैंगिक रिश्ते का खुलासा करने वाली भारत की पहली एथलीट दुती चंद ने कहा कि उनके लिए रिश्ते को सार्वजनिक करना छुपाने से बेहतर है। दुती ने मई में ओडिशा के अपने गांव की एक महिला के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक करके सुर्खियां बटोरी थीं। उनके इस फैसले के बाद परिवार ने उन से नाता तोड़ने, जबकि उनकी बड़ी बहन ने अलग होने की धमकी दी थी, लेकिन दुती पर इसका कोई असर नहीं हुआ।
दुती ने उस महिला के साथ घर बसाने की इच्छा जाहिर की। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए कई पदक जीतने वाली 23 साल की इस फर्राटा धावक ने कहा, 'मेरी निजी जिंदगी के कारण अब मेरे ऊपर कोई दबाव नहीं है, क्योंकि मैंने इसका खुलासा कर दिया है। दरअसल, जब तक मैंने इसे छुपा रखा था तब तक मैं डर रही थी और दबाव महसूस करती थी।'
उन्होंने कहा, ‘इस रिश्ते को सर्वाजनिक करने के बाद कई लोगों ने मुझ से बात की और मेरा समर्थन किया। उन्होंने मेरे प्रयास की सराहना की जिससे मुझे अच्छा महसूस हुआ।’