उन्होंने कहा, 'पत्र उनके सामने रख दिया गया है। इसमें साफ तौर पर पाकिस्तान का जिक्र है। यह एक प्रक्रिया है जो धीरे धीरे आगे बढ़ती है। क्या हम सुरक्षा परिषद में किसी देश का बहिष्कार करने में सक्षम हैं। प्रक्रिया धीमी गति से चलती है। हमने प्रक्रिया शुरू कर दी है।' पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 से अधिक जवानों के शहीद होने के बाद बीसीसीआई ने आईसीसी को भेजे पत्र में आतंकवाद को पनाह देने वाले देशों से संबंध तोड़ने का आग्रह किया था।
सीओए इस महीने के आखिर में आईसीसी चेयरमैन शशांक मनोहर से चर्चा करेंगे, जिसमें भारत और पाकिस्तान के मसले पर भी बात होगी। बीसीसीआई के विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के अंतर्गत आने के लंबे समय से लंबित मसले पर भी चर्चा होगी क्योंकि आईसीसी ने इसे तुरंत सुलझाने के लिए कहा है। बीसीसीआई अभी वाडा के अंतर्गत नहीं आता है लेकिन आईसीसी और उसके अन्य सदस्य इसे मानते हैं।
अगर बीसीसीआई इसके अंतर्गत नहीं आता है तो आईसीसी को वाडा का पालन नहीं करने वाली खेल संस्था माना जा सकता है और ऐसे में 2028 तक ओलिंपिक में क्रिकेट को शामिल कराने की योजना खटाई में पड़ सकती है। राय ने कहा, 'आईसीसी चेयरमैन के साथ कई मसलों पर चर्चा होगी जिनमें वाडा से जुड़ा मामला भी शामिल है।' इनपुट-भाषा