अब तक आपने सचिन तेंदुलकर को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वॉर्न के सपनों में आकर डराने की खबर सुनी होगी। लेकिन अब शायद रविंद्र जडेजा ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क के सपनों में आएंगे।
दरअसल बात यह है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे टेस्ट सीरीज में माइकल क्लार्क तीन मैच की छह पारियों में पांच बार रविंद्र जडेजा के शिकार बन चुके हैं।
जडेजा ने सबसे पहले चेन्नई टेस्ट की पहली पारी में माइकल क्लार्क को भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद हैदराबाद और मोहाली टेस्ट की दोनों पारियों में उन्होंने क्लार्क को पवेलियन भेजा।
हैदराबाद टेस्ट की दोनों पारियों में जडेजा ने क्लार्क को क्लीन बोल्ड किया। मोहाली में हुए सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में जडेजा ने क्लार्क को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।
वहीं मोहाली टेस्ट की दूसरी पारी में क्लार्क जब क्रीज पर पांव जमाने की कोशश में थे तो जडेजा ने उन्हें 18 रनों के स्कोर पर चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच करा दिया।
जडेजा ने जैसी ही टेस्ट मैंच में क्लार्क का पांचवी बार शिकार किया उन्होंने मुस्कुराते हुए अपने हाथों से पांच का इशारा किया।
कुंबले के पसंदीदा शिकार थे क्लार्क
माइकल क्लार्क को टेस्ट मैचों में भारत के स्पिनर अनिल कुंबले ने सबसे ज्यादा 6 बार आउट किया है। इसके बाद जडेजा ने 5 बार क्लार्क को पवेलियन भेजा है।
रंगना हेराथ, डेनियल विटोरी और हरभजन सिंह ने 4-4 बार क्लार्क का शिकार किया है।
भज्जी से डरने लगे थे पोंटिंग
मालूम हो कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को स्पिनर हरभजन सिंह ने कुछ इसी तरह परेशान किया था। पोंटिंग को टेस्ट मैचों में हरभजन ने 10 बार अपना शिकार बनाया है। अब लगता है कि यह जंग क्लार्क और जडेजा के बीच शुरू हो गई है।
मोहाली टेस्ट मैच का फुल स्कोर कार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें