शानदार फार्म में चल रहे आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल क्लार्क कैरियर के सर्वश्रेष्ठ अंकों के साथ आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। क्लार्क के 900 अंक हैं और इस जादुई अंक तक पहुंचने वाले वह आस्ट्रेलियाई के सातवें और दुनिया के 26वें बल्लेबाज बने। उनसे पहले, सर डॉन ब्रेडमैन, रिकी पोंटिंग, मैथ्यू हेडन, डग वाल्टर्स, नील हार्वें और माइक हसी इस जादुई अंक तक पहुंचे थे।
वेस्ट इंडीज के शिवनारायण चंद्रपॉल दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला तीसरे पायदान पर हैं। भारत का कोई बल्लेबाज शीर्ष 20 में जगह नहीं बना सका। सचिन तेंदुलकर सर्वाधिक रैंकिंग वाले भारतीय बल्लेबाज हैं जो 21वें पायदान पर हैं। गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के पेसर डेन स्टेन पहले और वेरनन फिलेंडर दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तानी स्पिनर सईद अजमल तीसरे पायदान पर हैं। आलराउंडरों में दक्षिण अफ्रीका के जाक कालिस शीर्ष पर स्थित हैं।