वनडे सीरीज में भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई करने वाले पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज नासिर जमशेद मैन ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी भारत में ही भूल गए। भारत में शानदार प्रदर्शन के बाद स्वदेश लौटे जमशेद का जोरदार स्वागत हुआ। हालांकि जमशेद अपनी मैन आफ द सीरीज की ट्रॉफी भारत में ही भूल आने पर शर्मिदा और निराश भी दिखे।
पत्रकारों से पूछे जाने पर जमशेद ने बताया, 'एयरपोर्ट जल्दी पहुंचने के चक्कर में मैं अपनी ट्रॉफी भूल आया लेकिन टीम मेनेजमेंट ने कहा है कि मुझे वह वापस मिल जाएगी।' पाकिस्तान टीम के स्वदेश वापसी पर हुए जोरदार स्वागत से जमशेद काफी खुश और फैंस को शुक्रिया कहा। जमशेद ने कहा, 'हमें जो स्वागत मिला है वह वाकई हटकर है और यह दिखाता है कि यह सीरीज जीतना हमारे फैंस के लिए कितना महत्वपूर्ण था। मैं इंजमाम-उल-हक और सइद अनवर से बातचीत करके अपनी बल्लेबाजी में और निखार लाने की कोशिश करूंगा।
उल्लेखनीय है कि भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। इस जीत में सलामी बल्लेबाज नासिर जमशेद ने अहम भूमिका निभाई। जमशेद ने शुरुआती दोनों वनडे में शतक जमाए।