भारत की टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा काउंटी क्रिकेट में अपना जलवा दिखाकर वापसी करना चाहते हैं। पुजारा पिछले कुछ समय से भारत के लिए मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाए हैं। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया था और रणजी ट्रॉफी खेलने के लिए कहा गया था। इसके बाद पुजारा काउंटी में कमाल करके भारतीय टीम में जगह बनाना चाहते हैं। भारत का अगला टेस्ट इंग्लैंड में ही होना है। ऐसे में पुजारा काउंटी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं।
पुजारा इससे पहले भी काउंटी क्रिकेट का हिस्सा रह चुके हैं। वो यॉर्कशायर के लिए खेल चुके हैं। इस सीजन वो ससेक्स के लिए खेलेंगे। इस टीम के साथ वो पहली बार जुड़े हैं। ससेक्स के साथ जुड़ने पर पुजारा ने उत्सुक्ता जाहिर की है। काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स अपना दूसरा मैच 14 अप्रैल को खेलेगी और पुजारा इस टीम के लिए अपना डेब्यू करने उतरेंगे।
All set to start my stint with @sussexccc tomorrow. Can’t wait to get on the field. #countycricket #sussex #uk
View attached media content
- Cheteshwar Pujara (@cheteshwarpujara) 13 Apr 2022
कू पर जाहिर की उत्सुकता
ससेक्स के लिए पहला मैच खेलने से पहले पुजारा काफी उत्साहित थे। उन्होंने देसी सोशल मीडिया मंच कू ऐप पर नेट प्रैक्टिस का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, " कल से ससेक्स के साथ अपने कार्यकाल की शुरुआत करने को तैयार हूं, मैदान पर उतरने के लिए और अधिक इंतजार नहीं कर सकता।" चेतेश्वर पुजारा को काउंटी क्रिकेट में हिस्सा लेने के लिए पहले ही इंग्लैंड पहुंचकर ससेक्स से जुड़ना था, लेकिन वीजा मिलने में हुई देरी के कारण वह सात अप्रैल से शुरू होने वाले पहले मैच का हिस्सा नहीं बन पाए थे।
पुजारा की चौथी काउंटी टीम है ससेक्स
ससेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब, काउंटी क्रिकेट की चौथी टीम है, जिसके लिए चेतेश्वर पुजारा खेलते दिखेंगे। इससे पहले वह डर्बीशायर, नॉटिंघमशायर और यॉर्कशायर के लिए खेल चुके हैं। ससेक्स ने भारतीय टेस्ट स्पेशलिस्ट पुजारा को ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड के रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किया है। काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स अपना दूसरा मैच, डर्बीशायर के खिलाफ खेलेगी।
भारत-इंग्लैंड मुकाबले के लिए अभी से तैयारी
भारत और इंग्लैंड के बीच एक जुलाई से पांच जुलाई के बीच, पिछले दौरे पर खेली गई सीरीज का अंतिम मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम इस सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है। ऐसे में भारत की जीत के साथ सीरीज पर 3-1 से उसका कब्जा हो जाएगा। वहीं, इंग्लैंड के लिए सीरीज ड्रॉ कराने का मौका होगा। इसे ध्यान में रखते हुए पुजारा लगभग ढाई महीने पहले ही इंग्लैंड पहुंच गए हैं और भारतीय टीम की रीढ़ की हड्डी को और मजबूती प्रदान करने की तैयारियों में जुट गए हैं।