टीम इंडिया के टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा ने बुधवार को इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप के पहले छह मैचों के लिए ग्लूस्टरशर के साथ करार किया। ग्लूस्टरशर के साथ उनका अनुबंध 12 अप्रैल से 22 मई तक के लिए है।
क्लब की यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुजारा ने कहा, 'मैं इस सत्र में ग्लूस्टरशर का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से वास्तव में उत्साहित हूं। क्लब का शानदार क्रिकेट इतिहास है और यह इसका हिस्सा बने और इसकी सफलता में योगदान देने का महत्वपूर्ण मौका है।'
क्लब ने पुजारा की लंबी अवधि तक बल्लेबाजी करने की क्षमता पर विचार किया। ग्लूस्टरशर को उनके अनुभव का फायदा मिलेगा। यह काउंटी टीम एक दशक में पहली बार काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन एक में खेल रही है।