चेतेश्वर पुजारा भारत के पहले दिन-रात्रि टेस्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनका मानना है कि टीम के मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप को गुलाबी गेंद के लिए अनुकूलित होने में कोई समस्या नहीं होगी।
टेस्ट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले पुजारा ने कहा, 'यह उत्साहित करने वाला होगा। हमने जो दिन-रात्रि मैच खेला था तो वो प्रथम श्रेणी था, यह टेस्ट मैच होगा। मुझे पूरा भरोसा है कि सभी खिलाड़ी इसके लिए उत्साहित हैं। जितना हम खेलेंगे, उतना ही हमें अनुभव मिलेगा कि गेंद को कैसे खेला जाए।
पुजारा ने आगे कहा, 'हर गेंद में अपनी चुनौती होती हैं मुझे नहीं लगता कि लाल से गुलाबी गेंद से खेलने में ज्यादा बदलाव करना होगा। कारण यह है कि यह एक ही प्रारूप है। हम पांच दिवसीय मैच ही खेल रहे हैं। हां, बस यह दूधिया रोशनी में होता है तो यह अलग होगा। लेकिन यह सिर्फ गुलाबी गेंद का आदी होने की बात है। मुझे ऐसा ही लगता है। इसके अलावा, मुझे नहीं लगता कि इसमें ज्यादा अंतर होगा। हम कुछ टेस्ट मैच खेल लेंगे तो हम बिलकुल सही अंतर जान पाएंगे और इसमें सुधार कर सकते हैं।'
यह भी खेल चुके हैं गुलाबी गेंद से : पुजारा के अलावा मयंक अग्रवाल, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी और ऋद्धिमान साहा के पास घरेलू स्तर पर गुलाबी गेंद से खेलने का अनुभव है।