इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन ने एसेक्स के खिलाफ अभ्यास मैच में खेलते हुए एक बेहद दिलचस्प ट्वीट किया था। दरअसल धवन ने ट्विटर पर मैच की एक तस्वीर साझा की थी जिसमें वह कप्तान विराट कोहली चेतेश्वर पुजारा के साथ नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस तस्वीर के शेयर होने के बाद फैंस धवन को शायर कहने लगे थे।
दरअसल फोटो को ट्वीट करते हुए धवन ने लिखा, 'कैसे ना हो गुजारा, जब साथ हो कोहली और पुजारा!' धवन की इस फोटो पर देखते ही देखते लाइक्स और कमेंट्स की बरसात होने लगी। फैंस ने भी मजाकिया अंदाज में शिखर का अपने साथी खिलाड़ियों के साथ दोस्ताना पर प्रतिक्रियाएं दी।
सोशल मीडिया पर धवन की शायरी सुपरहिट होने के बाद अब चेतेश्वर पुजारा ने भी अपना राइटिंग टैलेंट दुनिया के सामने रखा। पुजारा ने धवन के उसी ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'ना हो फिकर, जब हमारे बीच में हो शिखर' पुजारा के इस ट्वीट को अब तक करीब 10 हजार से लोगों ने लाइक किया है।
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच 1 अगस्त से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। पहला टेस्ट बर्मिंघम में खेला जाएगा, जिसके शुरू होने में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। इससे पहले टीम इंडिया ने टी-20 सीरीज पर कब्जा करने के बाद अंग्रेजों के हाथों वन-डे सीरीज गंवाई थी।