यूनिस खान की अगुआई में पाकिस्तान ने 2009 में इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान पर श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। हालांकि, अजमल के अनुसार, जश्न के बीच खिलाड़ियों को पाकिस्तान सरकार से जो सम्मान और इनाम मिला, वह महज एक दिखावा साबित हुआ।
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सईद अजमल ने एक चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है, जिसने पाकिस्तान क्रिकेट के प्रबंधन और शासन की पोल खोल दी है। अजमल ने बताया कि 2009 टी20 विश्व कप जीतने के बाद खिलाड़ियों को तत्कालीन प्रधानमंत्री की ओर से जो इनाम का वादा किया गया था, वह कभी पूरा नहीं हुआ।
विज्ञापन
सईद अजमल का यह खुलासा सिर्फ एक व्यक्तिगत अनुभव नहीं बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट व्यवस्था की कमजोरियों का आईना है। एक ओर विश्व चैंपियन टीम को उसका इनाम तक नहीं मिला, वहीं दूसरी ओर भारत जैसी टीमें खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये देकर उनका हौसला बढ़ा रही हैं। यह फर्क दोनों देशों के क्रिकेट ढांचे और खिलाड़ियों की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करता है।
सईद अजमल
- फोटो : PTI/Twitter
2009 में पाकिस्तान ने जीता था विश्व कप
यूनिस खान की अगुआई में पाकिस्तान ने 2009 में इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान पर श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल था। लेकिन अजमल के अनुसार, जश्न के बीच खिलाड़ियों को जो सम्मान और इनाम मिला, वह महज एक दिखावा साबित हुआ।
'25 लाख रुपये का चेक, जो बाउंस हो गया'
अजमल ने एक यूट्यूब इंटरव्यू में बताया, 'जब हम वर्ल्ड कप जीतकर पाकिस्तान लौटे तो हमें ज्यादा इनाम नहीं मिला। उस समय हमारे पास श्रीलंका का दौरा भी था। प्रधानमंत्री ने हमें बुलाया और हर खिलाड़ी को 25 लाख रुपये का चेक दिया। हम बेहद खुश थे क्योंकि उस दौर में यह बड़ी रकम थी। लेकिन जब हमने बैंक में जाकर चेक कैश कराना चाहा, तो वह बाउंस हो गया।' यह घटना खिलाड़ियों के लिए शर्मनाक और चौंकाने वाली थी। अजमल ने कहा कि उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि सरकार का दिया हुआ चेक भी बाउंस हो सकता है।
सईद अजमल और पाकिस्तान टीम
- फोटो : PTI/Twitter
'PCB ने पल्ला झाड़ लिया'
अजमल ने आगे बताया कि जब खिलाड़ियों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से मदद मांगी तो वहां से भी कोई सहायता नहीं मिली। उन्होंने कहा, 'हमें बताया गया कि यह सरकार का वादा है और पीसीबी इसका जिम्मेदार नहीं है। अंत में हमें सिर्फ वही इनाम मिला जो आईसीसी की ओर से मिला था।' इस बयान ने पाकिस्तान क्रिकेट प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकार की प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारत से तुलना, BCCI का इनाम
यह खुलासा ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में बीसीसीआई ने एशिया कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम को 21 करोड़ रुपये का इनाम देने का एलान किया है। इसमें खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ दोनों शामिल हैं। भारत ने दुबई में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब जीता। इस मैच में तिलक वर्मा ने नाबाद 69 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को मुश्किल हालात (20/3) से उबारकर 147 रनों का लक्ष्य हासिल कराया।