महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स और दिनेश कार्तिक की अगुवाई वाली कोलकाता नाइटराइडर्स टीम मंगलवार को आमने-सामने होंगी। आईपीएल के मौजूदा सीजन में दोनों टीमों ने जीत के साथ शुरुआत की है। दो साल का निलंबन झेलने के बाद लौटी चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल-11 के अपने पहले मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को पराजित कर धमाकेदार अंदाज में वापसी की है।
उधर, नए कप्तान के साथ खेल रही कोलकाता नाइटराइडर्स टीम ने अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन पर रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को सुनील नारायण के तूफानी प्रहारों की बदौलत आसानी से हरा दिया। दोनों टीमें जीत की लय बरकरार रखने के लिए पूरा जोर लगाएंगी। यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट टीम के दो विकेटकीपर बल्लेबाजों और आईपीएल कप्तानों का भी रहेगा कि वे विकेट के पीछे से अपनी सेना को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।
मुंबई के खिलाफ एक विकेट से जीत दर्ज करने में चेन्नई को पसीना बहाना पड़ा था। ड्वेन ब्रावो की करिश्माई पारी की बदौलत चेन्नई उस मैच को अपने नाम करने में सफल रही थी। मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना पहले मैच में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे। मुरली विजय को उस मैच में अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी। अंबाती रायडू ने शेन वॉटसन के साथ पारी की शुरुआत की थी।
दिनेश कार्तिक
- फोटो : ipl
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डू प्लेसिस और तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड की जगह इस मैच में मौका मिल सकता है जिन्हें पहले मैच में बेंच पर बैठना पड़ा था। ब्रावो ने मुंबई के खिलाफ 30 गेंदों पर 68 रन बनाए थे।
उन्होंने डेथ ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की थी वहीं वॉटसन ने दो विकेट लिए थे। स्पिन तिकड़ी हरभजन सिंह, रविंद्र जडेजा और इमरान ताहिर ने पहले मैच में कुल पांच ओवर ही कर पाए थे। हालांकि चेपॉक में उनकी भूमिका अहम होगी क्योंकि यह पिच स्पिन के अनुकूल मानी जाती है।
केकेआर को नारायण से होगी उम्मीदें
dwayne bravo
केकेआर ने मजबूत आरसीबी के खिलाफ जीत से शुरुआत की है। नारायण ने महज 17 गेंदों पर 50 रन जोड़ लिए थे। बल्लेबाजी में उसके पास बेहतरीन फॉर्म में चल रहे कार्तिक के अलावा ऑस्ट्रेलिया के क्रिस लिन हैं। गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया के पेसर मिचेल स्टार्क की कमी खलेगी। उनकी जगह टॉम कुरैन को टीम में जगह दी गई है। स्पिन विभाग में केकेआर के पास नारायण, कुलदीप यादव और पीयूष चावला जैसे शानदार स्पिनर हैं।
टीम
चेन्नई सुपरकिंग्स- एमएस धोनी (कप्तान), सुरेश रैना, रविंद्र जडेजा, फाफ डू प्लेसिस, हरभजन सिंह, ड्वेन ब्रावो, शेन वॉटसन, अंबाती रायडू, दीपक चाहर, केएम आसिफ, कनिष्क सेठ, लुंगी नगीदी, ध्रुव शौरी, मुरली विजय, सैम बिलिंग्स, मार्क वुड, क्षितिज शर्मा, मोनू कुमार, चैतन्य बिश्नोई, इमरान ताहिर, कर्ण शर्मा, शार्दुल ठाकुर, एन जगदीशन।
कोलकाता नाइटराइडर्स- दिनेश कार्तिक (कप्तान), क्रिस लिन, रॉबिन उथप्पा, आंद्रे रसेल, नीतीश राणा, सुनील नारायण, कुलदीप यादव, पीयूष चावला, कमलेश नागरकोटि, शिवम मावी, मिचेल जॉनसन, शुभमन गिल, विनय कुमार, रिंकू सिंह, कैमरन डेलपोर्ट, जावन सीयरलेस, अपूर्व वांखेड़े, इशांक जग्गी, टॉम कुरेन।