पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत निराशाजनक रही। पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर लुंगी एन्गिडी ने क्रिस गेल (0) को अपना शिकार बनाया। एन्गिडी ने गेल को विकेटकीपर एमएस धोनी के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके बाद तीसरे ओवर की पांचवी गेंद पर दीपक चाहर ने गेल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए आरोन फिंच (4) को सुरेश रैना के हाथों कैच आउट कराया।
3.6 ओवर में एक बार फिर लुंगी एन्गिडी ने किंग्स इलेवन पंजाब को तगड़ा झटका दिया। उन्होंने पंजाब के धाकड़ बल्लेबाज केएल राहुल (7) को क्लीन बोल्ड किया। यहां से मनोज तिवारी और डेविड मिलर ने पारी को संभाला ही था कि 12वें ओवर की पहली गेंद पर रविन्द्र जडेजा ने मनोज तिवारी को विकेटकीपर धोनी के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। तिवारी 35 रन बनाकर डगआउट लौटे। चौथे विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 60 रन की साझेदारी हुई।
इसके अगले ही ओवर की पहली गेंद पर ड्वेन ब्रावो ने डेविड मिलर (24) को क्लीन बोल्ड कर चलता किया। इसके बाद 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने अक्षर पटेल (14) को सैम बिलिंग्स के हाथों कैच आउट कराया। इसके अलावा 18वें ओवर की पहली और तीसरी गेंद पर एन्गिडी ने कप्तान अश्विन (0) और टाई (0) को अपना शिकार बनाया।
इसके बाद 19वें ओवर की पांचवीं गेद पर ब्रावों ने करुण नायर को चहर के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वह 26 गेंदों पर 3 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर अंकित राजपूत 2 रन बनाकर डगआउट लौटे। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने फाफ के हाथों कैच आउट कराया। सीएसके की तरफ से लुंगी एन्गिडी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके।
इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रविवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ आईपीएल 2018 के 56वें मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों में बदलाव किया गया था।
किंग्स इलेवन पंजाब ने अपनी टीम में दो बदलाव किए गए था। पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने युवराज सिंह और मर्कस स्टोइनिस की जगह करूण नायर और डेविड मिलर को शामिल किया था। वहीं, चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए शेन वॉटसन की जगह फाफ डू फ्लेसी को शामिल किया है।
टीमेंः-
चेन्नई सुपरकिंग्स: फाफ डू प्लेसी, अंबति रायुडू, सुरेश रैना, एमएस धोनी (कप्तान), सैम बिलिंग्स, ड्वेन ब्रावो, रविन्द्र जडेजा, हरभजन सिंह, शार्दुल ठाकुर, दीपर चाहर, लुंगी एन्गिडी।
किंग्स इलेवन पंजाब: केएल राहुल, क्रिस गेल, आरोन फिंच, डेविड मिलर, करूण नायर, मनोज तिवारी, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रयू टाई, मोहित शर्मा, अंकित राजपूत।