वहीं दूसरी ओर चेन्नई इस तरह के बड़े मैचों में खेलने की आदी है, वह तीन बार इस खिताब को जीतने के अलावा चार बार उप विजेता रह चुकी है। टीम को हालांकि क्वालीफायर एक में मुंबई इंडियंस से शिकस्त झेलनी पड़ी लेकिन वह स्टाइल में वापसी करेगी।
मुंबई के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के बाद धोनी अपने बल्लेबाजों से सुधरे प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। सलामी बल्लेबाज शेन वाटसन 23 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 53 गेंद में 96 रन की पारी खेलने के बाद ज्यादा रन नहीं जुटा सके हैं।
टीम के करिश्माई कप्तान ने स्वीकार किया था कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ घरेलू मैच में वे पिच के हालात को समझ सकते थे और उन्होंने अपने बल्लेबाजों को शाट चयन के बारे में ताकीद भी किया।
धोनी ने मुंबई से छह विकेट की हार के बाद कहा, 'हमारे पास ये सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं, ऐसा दिखता है कि हम अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन कभी कभार वे ऐसे शाट खेलते हैं जो उन्हें नहीं खेलने चाहिए। ये खिलाड़ी अनुभवी हैं और उन्हें हालात को बेहतर तरीके से समझना चाहिए।' मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।