पीसीबी ने स्टेडियमों को पूरा करने की समय सीमा भी बढ़ाई थी। इन्हीं घटनाओं के बाद इस बात को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं कि क्या पाकिस्तान समय पर स्टेडियम के नवीनीकरण का काम पूरा कर पाएगा। हालांकि, अब पीसीबी अध्यक्ष ने ट्रोल्स पर निशाना साधा है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों पर पलटवार किया है। दरअसल, सोशल मीडिया यूजर्स ने 19 फरवरी से शुरू होने वाली आगामी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले कराची और लाहौर स्टेडियमों के नवीनीकरण का काम समय पर पूरा करने की बोर्ड की क्षमता पर सवाल उठाया था। पिछले एक महीने में पीसीबी को स्टेडियमों के नवीनीकरण का काम समय पर पूरा करने के लिए काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
विज्ञापन
पीसीबी ने पिछले साल कई मैचों को कराची से रावलपिंडी स्थांतरित कर दिया था, साथ ही पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय टेस्ट मैच के स्थल में भी बदलाव किए गए थे। पीसीबी ने स्टेडियमों को पूरा करने की समय सीमा भी बढ़ाई थी। इन्हीं घटनाओं के बाद इस बात को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं कि क्या पाकिस्तान समय पर स्टेडियम के नवीनीकरण का काम पूरा कर पाएगा।
पीसीबी अध्यक्ष ने ट्रोल्स पर तंज कसा
हालांकि, पीसीबी ने अब स्टेडियम आईसीसी को सौंप दिए हैं और नवीनीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। पीसीबी ने नए स्टेडियम का उद्घाटन भी किया है। लाहौर में फिर से तैयार गद्दाफी स्टेडियम ने जारी त्रिकोणीय सीरीज के दो मैचों की मेजबानी भी की है। यह त्रिकोणीय सीरीज पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही है। मंगलवार को नए पुनर्निर्मित कराची स्टेडियम के उद्घाटन के दौरान पीसीबी अध्यक्ष नकवी ने सोशल मीडिया ट्रोल्स पर तंज कसा।
'हम जीत गए और आप हार गए'
नकवी ने जियो न्यूज के हवाले से कहा, 'हम जीत गए, आप हार गए। यह उन लोगों के लिए है जिन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया कि हम इस स्टेडियम का निर्माण पूरा नहीं कर सकेंगे। अगर हम इसे पूरा करने में विफल रहते तो आप जीत जाते और हम असफल कहलाते। हालांकि, इस कार्य को पूरा करके हम जीत गए और अब आप हार गए हैं।'
'कराची स्टेडियम लाहौर स्टेडियम से ज्यादा सुंदर'
उन्होंने मजदूरों को उनकी कड़ी मेहनत के लिए भी धन्यवाद दिया, जो स्टेडियमों के नवीनीकरण कार्य को समय पर पूरा होने के लिए समर्पित थे। नकवी ने कहा, 'मैं स्वीकार करता हूं कि कराची स्टेडियम, लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम की तुलना में अधिक अच्छा लगेगा।' कराची स्टेडियम के नवनिर्मित पवेलियन में खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के लिए ड्रेसिंग रूम हैं और साथ ही आतिथ्य कक्ष भी हैं।'
पाकिस्तान ग्रुप-ए में भारत के साथ
नए पवेलियन के अलावा कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में खेलने और देखने के अनुभव दोनों को बढ़ाने के लिए कई काम किए गए हैं। कराची का नेशनल बैंक स्टेडियम बुधवार को पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच की मेजबानी भी करेगा। पाकिस्तान को ग्रुप-ए में भारत, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। भारत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा। भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला भी 23 फरवरी को दुबई में खेला जाएगा।