चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपने पहले अभ्यास मुकाबले में श्रीलंका को पांच विकेट से धूल चटाने के बाद भारतीय टीम मंगलवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले अपने दूसरे और अंतिम मैच में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने उतरेगी।
भारत ने बर्मिंघम में श्रीलंका के खिलाफ पहले अभ्यास मैच में 333 रन के विशाल स्कोर का सफलतापूर्वक पीछा किया था। विराट कोहली और दिनेश कार्तिक ने शानदार शतक जड़ते हुए भारत को बेहतरीन जीत दिलाई थी। लेकिन इस जीत में गेंदबाजों और ओपनरों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।
खासतौर तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन को लेकर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी चिंता व्यक्त कर चुके हैं। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों के पास अपने प्रदर्शन में सुधार कर लय में लौटने का बेहतरीन मौका है। श्रीलंका के खिलाफ फ्लाप रहे ओपनर शिखर धवन और मुरली विजय की नजरें बड़ी पारी खेलने पर होंगी।
टूर्नामेंट में भारतीय पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी इन्हीं दोनों बल्लेबाजों के कंधों पर है।
दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया भी अपने पहले अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज को 67 गेंद शेष रहते चार विकेट से हरा चुकी है। आलराउंडर शेन वाटसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 98 गेंदों में मैच विजयी 135 रन ठोके थे।