ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में गंभीर सिद्धू से कहते हैं- आप मेरी बात छोड़ो। आज आप अपना एक शेर सुना दो या मैं सुनाऊं। मैं आपका शेर सुना दूं।' इस पर सिद्धू कहते हैं, 'सुना दो। नहले पर दहला मार दे यार। आज मेरा शेर खत्म है।' इस पर गंभीर ने कहा, 'फन कुचलने का हुनर सीखिये जनाब।' इस पर सिद्धू कहते हैं, 'अरे वाह! सांपों के डर से जंगल नहीं छोड़े जाते। आज एक और इतिहास रच दे यार। मेरी गुजारिश है आज भांगड़ा कर दो।' इसके बाद सिद्धू गंभीर का हाथ पकड़ते हैं और फिर 'सौदा खरा खरा' गाते हैं और भांगड़ा करते हैं। गंभीर भी हाथ ऊपर कर भांगड़ा करने की कोशिश करते हैं। इस पर सुरेश रैना कहते हैं, 'गौती भाई बहुत जिद्दी हैं।' वीडियो में आकाश भी सिद्धू और गंभीर के साथ भांगड़ा करते हैं। सिद्धू फिर कहते हैं, 'लव यू गंभीर। आज मैं बहुत खुश हूं।' सिद्धू ने हार्दिक पांड्या के साथ भी भांगड़ा किया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
इसी कड़ी में सिद्धू गंभीर से गेंदबाजों को लेकर भी सवाल पूछते हैं। वह कहते हैं, 'गंभीर आपने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर रहते हुए छह गेंदबाज के विकल्प रखे थे। वह जीत का कारण बने। 2023 के विश्व कप फाइनल में कई बार कोहली भी गेंदबाजी करते दिखे थे। ये जो छह-सात गेंदबाजों का विकल्प है, क्या इसने भारतीय क्रिकेट के दृष्टिकोण को बदला है?' इस पर गंभीर जवाब देते हैं, 'शेरी पा ये शुरू हुआ था श्रीलंका के खिलाफ पिछले साल सीरीज से। वो सीरीज हम हारे थे। वहां पर रियान पराग हमारे छठे गेंदबाज थे। उससे पहले हमारे पास सिर्फ पांच गेंदबाज होते थे। पांच फील्डर अंदर और दो नए बॉल। अगर आप सिर्फ पांच गेंदबाज के साथ जाओगे तो बहुत सारा दबाव है गेंदबाजी पर। पहले दिन से मैं यही चाहता था कि हमें छह गेंदबाजी विकल्प चाहिए। चाहे उसमें हमें बैटिंग पावर को भी कॉम्प्रोमाइज करनी पड़े तो उसमें कोई दिक्कत नहीं है, क्योंकि गेंदबाज टूर्नामेंट जिताते हैं, बल्लेबाज सिर्फ टूर्नामेंट बनाते हैं। बल्लेबाज आपको मैच जिताते हैं, गेंदबाज टूर्नामेंट जिताते हैं।'