भारतीय टीम ने इंग्लैंड को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के लिए हुंकार भर दी। इस सीरीज के जरिए भारतीय टीम की प्लेइंग 11 भी कुछ हद तक स्पष्ट हो चुकी है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीनों मुकाबलों में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को मौका मिला, जबकि ऋषभ पंत को बाहर बैठना पड़ा। ऐसे में माना जा रहा है कि आगामी टूर्नामेंट के लिए केएल राहुल ही कप्तान और कोच की पहली पसंद होंगे। गुरुवार को आखिरी मुकाबला समाप्त होने के बाद जब मुख्य कोच गौतम गंभीर से केएल राहुल और ऋषभ पंत में से चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पसंदीदा विकेटकीपर को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल टीम की पहली पसंद के विकेटकीपर होंगे और आक्रामक बल्लेबाज ऋषभ पंत को एक विकल्प के रूप में अंतिम एकादश में शामिल करने पर तुरंत विचार नहीं किया जाएगा।
पंत को नहीं मिला मौका
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए जिन खिलाड़ियों का चयन किया गया था उनमें केवल पंत ही ऐसे खिलाड़ी थे जिन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। राहुल को पहले दो मैच में छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतारा गया जिसमें वह सहज नजर नहीं आ रहे थे। तीसरे मैच में वह अपने पसंदीदा पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने 29 गेंद पर 40 रन का उपयोगी योगदान दिया। भारत ने यह मैच 142 रन से जीता।
गंभीर ने मैच के बाद कहा, राहुल अभी हमारा नंबर एक विकेटकीपर है और अभी मैं इतना ही कह सकता हूं। ऋषभ पंत को मौका मिलेगा लेकिन अभी राहुल अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और हम दो विकेटकीपर बल्लेबाज के साथ नहीं खेल सकते।
अक्षर पटेल को शुरुआती दो मैचों में नंबर पर उतारने के फैसले पर क्या बोले गंभीर?
पांचवें नंबर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले राहुल की जगह पहले दो मैच में अक्षर पटेल को उतारने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए गंभीर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के बजाय टीम के हित महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा, हम औसत और आंकड़ों पर गौर नहीं करते। हम यह देखते हैं कि कौन खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।
'जायसवाल की जगह वरुण को शामिल करना सही'
गंभीर ने इसके साथ ही सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को चैंपियंस ट्रॉफी की टीम से बाहर करने के फैसले को भी सही बताया जिनकी जगह स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने ली है। उन्होंने कहा, इसका एकमात्र कारण यह है कि हम विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज के रूप में एक विकल्प चाहते थे और हम सभी जानते हैं कि वरुण चक्रवर्ती वह विकल्प हो सकते हैं। जायसवाल के सामने अभी लंबा भविष्य है और हम केवल 15 खिलाड़ियों का ही चयन कर सकते हैं।