फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

England: पिछले पांच साल में वनडे में इंग्लैंड को मिले छह कप्तान, टीम को इस प्रारूप में जीत से ज्यादा मिली हार

Sat, 01 Mar 2025 12:17 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

यह भी देखने वाली बात होगी कि क्या टी20 और वनडे के लिए अलग-अलग कप्तान होगा या फिर किसी एक को ही दोनों प्रारूप की जिम्मेदारी मिलेगी। अभी तक स्टोक्स टेस्ट में और बटलर सफेद गेंद प्रारूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
विज्ञापन
इंग्लैंड की टीम का नया कप्तान कौन होगा? - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड की टीम का चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में प्रदर्शन शर्मनाक रहा। टीम पहले ही राउंड में बाहर हो गई। इंग्लिश टीम इस टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हार गई। उन्हें इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ अफगानिस्तान के खिलाफ भी शिकस्त मिली जिसके कारण टीम बाहर हो गई। उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी ग्रुप राउंड मैच खेलना है। इंग्लैंड टीम को झटका तब लगा, जब सफेद गेंद प्रारूप के नियमित कप्तान जोस बटलर ने कप्तानी छोड़ने का एलान कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बतौर कप्तान बटलर अपना आखिरी मुकाबला खेलने उतरेंगे। बटलर जब से नियमित कप्तान बने हैं, इंग्लिश टीम को वनडे प्रारूप में जीत से ज्यादा हार मिली है। पिछले पांच साल में इंग्लैंड की टीम की कमान छह खिलाड़ी संभाल चुके हैं। अब साल की शुरुआत में ही उन्हें किसी नए कप्तान की जरूरत होगी।
विज्ञापन

वनडे में कैसा रहा छह कप्तानों का रिकॉर्ड
पिछले पांच साल में वनडे में इंग्लैंड की कप्तानी संभालने वाले खिलाड़ियों में बटलर के अलावा, बेन स्टोक्स, मोईन अली, जैक क्राउली, हैरी ब्रूक और लियम लिविंगस्टोन शामिल हैं। बटलर ने इस दौरान 44 वनडे में इंग्लैंड की कप्तानी की और इसमें से इंग्लिश टीम को 18 में जीत मिली, जबकि 25 में हार का सामना करना पड़ा। एक मैच बेनतीजा रहा। वहीं, स्टोक्स ने 2021 में तीन मैचों में कप्तानी की और तीनों मैच इंग्लैंड ने जीते। हालांकि, स्टोक्स ने कप्तानी छोड़ने और सफेद गेंद के प्रारूप से संन्यास लेने का फैसला किया था। फिर 2022 में मोईन अली को भी कमान सौंपी गई। उन्होंने एक मैच में कप्तानी की और उसमें टीम को हार मिली। क्राउली ने इस दौरान 2023 में दो मैचों में कप्तानी की और एक में जीत मिली और एक का कोई नतीजा नहीं निकला।

बटलर, ब्रूक, सॉल्ट और लिविंगस्टोन - फोटो : Twitter
बटलर के बाद क्या मैकुलम पर भी लटकेगी तलवार?
मौजूदा टीम के उपकप्तान हैरी ब्रूक ने साल 2024 में पांच मैचों में कप्तानी की। दो में इंग्लिश टीम को जीत मिली, जबकि तीन में हार का सामना करना पड़ा। लिविंगस्टोन ने भी साल 2024 में तीन मैचों में कप्तानी की थी। एक में इंग्लिश टीम को जीत मिली और दो में टीम को हार का मुंह देखना पड़ा था। इन छह कप्तानों को मिलाकर आंकड़े देखें तो इंग्लैंड ने इन छह कप्तानों के अंदर कुल 58 वनडे खेले हैं। इसमें से टीम को 25 में जीत मिली है, जबकि 31 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। ऐसे में इंग्लैंड के सामने किसी नए वनडे कप्तान को चुनने की जिम्मेदारी मुश्किल रहने वाली है।

पिछले पांच साल में इंग्लैंड के वनडे कप्तान और उनके आंकड़े
कप्तान कब से कब मैच जीते हारे बेनतीजा
जोस बटलर 2016-2025* 44 18 25 1
बेन स्टोक्स 2021 3 3 0 0
मोईन अली 2022 1 0 1 0
जैक क्राउली 2023 2 1 0 1
हैरी ब्रूक 2024 5 2 3 0
लियम लिविंगस्टोन 2024 3 1 2 0

वनडे-टी20 में होंगे अलग-अलग कप्तान?
यह भी देखने वाली बात होगी कि क्या टी20 और वनडे के लिए अलग-अलग कप्तान होगा या फिर किसी एक को ही दोनों प्रारूप की जिम्मेदारी मिलेगी। अभी तक बटलर सफेद गेंद प्रारूप के कप्तान थे और स्टोक्स टेस्ट में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। स्टोक्स टेस्ट में कप्तान बने रहेंगे। देखने वाली बात यह भी होगी कि क्या ब्रैंडन मैकुलम को बतौर कोच सीमित ओवर के प्रारूप में जारी रखा जाएगा, या किसी अन्य को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और मैकुलम को टेस्ट तक ही सीमित रखा जाएगा। इंग्लैंड के सफेद गेंद प्रारूप के कप्तान बनने की रेस में फिलहाल हैरी ब्रूक सबसे आगे हैं। बटलर के रहते वह टी20 के उपकप्तान भी रह चुके हैं। ऐसे में दोनों प्रारूप की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जा सकती है। लिविंगस्टोन और फिल सॉल्ट भी इस रेस में शामिल हैं।

बतौर कप्तान टी20 में बटलर का रिकॉर्ड बेहतर
हालांकि, टी20 प्रारूप में बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड का रिकॉर्ड ठीक ठाक रहा है। 41 टी20 मैचों में बटलर ने इंग्लिश टीम की कमान संभाली। इसमें से 22 मैच इंग्लैंड ने जीते और 17 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। साल 2021 से अब तक इंग्लैंड ने टी20 में तीन कप्तान बदले हैं। इनमें बटलर के अलावा मोईन अली और फिल सॉल्ट शामिल हैं। मोईन की कप्तानी में इंग्लैंड ने 12 टी20 खेले और पांच में जीत हासिल की। सात मुकाबलों में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। सॉल्ट की कप्तानी में इंग्लिश टीम दो मैच खेल चुकी है। एक में टीम को जीत मिली और एक का कोई नतीजा नहीं निकला। अगर वनडे और टी20 में अलग-अलग कप्तान बनाया जाता है तो ब्रूक को वनडे की और सॉल्ट को टी20 की कमान सौंपी जा सकती है।

पिछले पांच साल में इंग्लैंड के टी20 कप्तान और उनके आंकड़े
कप्तान कब से कब मैच जीते हारे बेनतीजा
जोस बटलर 2015–present 41 22 17 2
मोईन अली 2020–2023 12 5 7 0
फिल सॉल्ट 2024 2 1 1 0
कुल 55 28 25 2
विज्ञापन

2022 के बाद बतौर कप्तान बटलर का रिकॉर्ड खराब
बटलर का बतौर कप्तान पिछले तीन आईसीसी टूर्नामेंट में रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं रहा है। इयोन मॉर्गन के संन्यास लेने के बाद से टीम आईसीसी टूर्नामेंट में जूझती दिखी है। 2022 टी20 विश्व कप में बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम चैंपियन बनी थी। वहीं, 2019 में मॉर्गन ने इंग्लिश टीम को वनडे चैंपियन बनाया था। 2021 टी20 विश्व कप में भी मॉर्गन कप्तान थे और टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। 2023 वनडे विश्व कप में बटलर की कप्तानी में इंग्लिश टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। वहीं, 2024 टी20 विश्व कप में बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। अब चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लिश टीम को ग्रुप स्टेज से बाहर का रास्ता देखना पड़ा है। पिछले तीन आईसीसी टूर्नामेंट बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम ने 19 मैच खेले हैं। इनमें से इंग्लिश टीम को सात में जीत मिली है, जबकि 11 में हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका। 

पिछले कुछ आईसीसी टूर्नामेंट्स में इंग्लैंड के कप्तान के आंकड़े
टूर्नामेंट कप्तान मैच जीते हारे बेनतीजा/टाई नतीजा
2019 वनडे विश्व कप इयोन मॉर्गन 11 7 3 1 चैंपियंस
2021 टी20 विश्व कप इयोन मॉर्गन 6 4 2 0 सेमीफाइनल
2022 टी20 विश्व कप जोस बटलर 7 5 1 1 चैंपियंस
2023 वनडे विश्व कप जोस बटलर 9 3 6 0 ग्रुप स्टेज
2024 टी20 विश्व कप जोस बटलर 8 4 3 1 सेमीफाइनल
2025 चैंपियंस ट्रॉफी जोस बटलर 2 0 2 0 ग्रुप स्टेज

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें