चैंपियंस ट्रॉफी के पहले सेमीफाइल में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 8 विकेट से करारी मात दी है। पाकिस्तान 212 रनों का लक्ष्य 77 गेंद रहते ही हासिल कर लिया। पाकिस्तान की टीम पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। पाकिस्तान के लिए अजहर अली ने 76 रन और फखर जमान ने 57 रनों की शानदार पारी खेली।
बाबर आजम 38 और मोहम्मद हफीज 31 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद और जेक बॉल को 1-1 सफलता मिली। टॉस जीतकर सरफराज अहमद ने इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। शानदार शुरुआत के बावजूद इंग्लैंड टीम निर्धारित 50 ओवर भी न खेल सकी और सिर्फ 211 रन पर ढेर हो गई।
LIVE SCORECARD
इंग्लैंड के लिए जो रूट ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। इसके अलावा जॉनी बेयरस्टो ने भी 43 रन की पारी खेली। कप्तान ऑयन मॉर्गन ने 33 और बेन स्टोक्स ने 34 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाजी क्रीज पर समय बिताकर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। इंग्लिश बल्लेबाज 'तू चल, मैं आया' की तर्ज पर पवेलियन लौटते चले गए।
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार बॉलिंग की। हसन अली ने 10 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा डेब्यू कर रहे रुमान रईस ने 43 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। जुनैद खान को भी 2 सफलताए मिलीं। शादाब खान के खाते में 1 विकेट आया। हसन अली को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।