श्रीलंका की महिला टीम की कप्तान चामरी अट्टापट्टू पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने लेवल एक के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। यह घटना त्रिकोणीय सीरीज के तहत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए ग्रुप स्टेज के मुकाबले में हुई।
आईसीसी ने क्यों की कार्रवाई?
कोलंबो में नौ मई को खेले गए इस मैच में श्रीलंका की कप्तान को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते पाया गया था जिसकी वजह से उनपर जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। दरअसल, मैच की पहली पारी के 32वें ओवर में एनेरी डर्कसन ने चामरी अट्टापट्टू की गेंद पर चौका लगाया था। इसके बाद श्रीलंका की कप्तान ने गुस्से में अपना चश्मा उतारा और जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। चामरी अट्टापट्टू पर चारों अंपायरों ने आरोप लगाया था, जिसे उन्होंने ने स्वीकार कर लिया। इसलिए महिला खिलाड़ी के खिलाफ कोई सुनवाई नहीं हुई।