भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ कैनबरा में अभ्यास मैच के दौरान एक प्रशंसक की 10 साल पुरानी इच्छा पूरी कर दी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें रोहित प्रशंसकों के साथ बातचीत करते और उन्हें ऑटोग्राफ देते दिख रहे हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट से पहले अभ्यास मैच खेला था और जीत दर्ज की थी।
बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो
वीडियो में दिख रहा है कि दर्शकों के बीच से एक प्रशंसक ने रोहित का नाम लिया और फिर भारतीय कप्तान का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए मुंबई चा राजा का नारा लगाया। उस प्रशंसक ने कहा, '10 साल हो गए रोहित भाई।' इससे रोहित के चेहरे पर हंसी आ गई और वह उस प्रशंसक की तरफ गए तथा उन्हें ऑटोग्राफ दिया और उसका 10 साल का इंतजार खत्म कर दिया।
बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया पेज पर इस वीडियो को साझा किया, 'अंतत: एक दशक पुराना इंतजार खत्म हुआ। एक प्रशंसक ने रोहित शर्मा का ऑटोग्राफ लेने के लिए 10 साल इंतजार किया और रविवार को उसका भाग्यशाली दिन था।' रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं थे। रोहित पिछले सप्ताह ही टीम के साथ जुड़े थे और वह एक बार फिर टीम की कमान संभालने के लिए तैयार हैं। रोहित की अनुपस्थिति में जसप्रीत बुमराह ने पहले मैच में कप्तानी की थी।
अभ्यास मैच में चौथे स्थान पर उतरे रोहित
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच में ओपनिंग करने नहीं उतरे। लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी जायसवाल के केएल राहुल पारी का आगाज करने उतरे थे। रोहित की अनुपस्थिति में यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल ने पहले मैच में पारी का आगाज किया था। माना जा रहा था कि रोहित फिर से ओपनर के तौर पर उतरेंगे, लेकिन एडिलेड टेस्ट से पहले हुए अभ्यास मैच में रोहित ने अपनी जगह केएल राहुल के पारी की शुरुआत कराने का फैसला किया था और वह चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे। अभ्यास मैच में रोहित का बल्ला नहीं चला था और वह तीन रन बनाकर आउट हुए थे।