कनाडा ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई किया
- फोटो : @canadiancricket
कनाडा ने शनिवार को टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया। अमेरिका रीजनल क्वालिफाइंग फाइनल में टीम ने बहामास को सात विकेट से हराकर अगले साल भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया। इस तरह कनाडा 20 टीमों के इस टूर्नामेंट में क्वालिफाई करने वाली 13वीं टीम बन गई।
इन 13 टीमों ने किया क्वालिफाई
20 टीमों के इस टूर्नामेंट में कनाडा के अलावा गत चैंपियन भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, आस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान भी खेलेंगे। आईसीसी ने एक बयान में कहा, 'सात और टीमें अभी इन टीमों से जुड़ेंगी जिनमें से दो यूरोपीय क्वालिफायर ( पांच से 11 जुलाई), दो अफ्रीकी क्वालिफायर ( 19 सितंबर से चार अक्तूबर ) और तीन एशिया ईएपी क्वालिफायर (एक से 17 अक्तूबर ) से आयेंगी।'
मैच में क्या हुआ?
कनाडा ने दूसरी बार टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया है। इससे पहले टीम ने 2024 में भी टी20 विश्व कप में खेला था। मैच की बात करें तो बहामास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 57 रन बनाए थे। जवाब में कनाडा ने सिर्फ 5.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 61 रन बनाए और सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लिए दिलप्रीत बाजवा ने सर्वाधिक 36 रनों की नाबाद पारी खेली।