ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली का मानना है कि भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के पास क्रिकेट का अपार ज्ञान है और यदि उन्हें भारतीय टीम का कोच बनाया जाता है तो वह बेहतरीन कोच साबित होंगे।
कोच डंकन फ्लेचर का पद वर्ल्ड कप के बाद रिक्त हो गया है और टीम इंडिया को सात जून को बांग्लादेश दौरे पर रवाना होने से पहले नए कोच की घोषणा होनी है।
ली ने कहा कि गांगुली ने टेस्ट, वनडे और टी-20 सभी में काफी मैच खेले हैं और यदि वह कोच बने तो अपना बेहतरीन अनुभव बांटेंगे। यदि सौरव खिलाड़ियों में विश्वास भर सके तो भारतीय खिलाड़ी कमाल कर सकते हैं।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मुझे नहीं मालूम कि उनकी कोच पद में दिलचस्पी भी है कि नहीं। इस तरह की अटकलें चल रही हैं कि गांगुली को सलाहकार समिति का चेयरमैन, हाई परफोर्मेंस मैनेजर, टीम डायरेक्टर या चीफ कोच बनाया जा सकता है।
आपको बता दें कि बीसीसीआई के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया सौरव गांगुली को लेकर स्पष्ट कर चुके है। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में वह यह कह चुके हैं कि गांगुली को टीम इंडिया का कोच नहीं बनाया जा सकता है।
इस संबंध में डालमिया ने कहा था कि गांगुली इस वक्त बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन में सचिव के पद पर है। इस लिहाज से कोच बनने के बाद उनका दोनों में समय निकालना बेहद मुश्किल होगा।
हालांकि डालमिया ने यह स्पष्ट किया था कि गांगुली को टीम इंडिया में बड़ा और महत्वपूर्ण पद जरुर दिया जाएगा।