अमर उजाला और लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) द्वारा आयोजित की जा रही एलएलसी टेन-10 लीग का फाइनल आज लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में मथुरा ब्रज वॉरियर्स और वेंकटेश्वरा लायंस के बीच खेला जा रहा है। उत्तर प्रदेश की इस सबसे बड़ी टेनिस बॉल क्रिकेट लीग में 12 टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के उद्घाटन के मौके पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली और वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल भी मौजूद रहे। अमर उजाला से बातचीत में ब्रेट ली ने एलएलसी टेन-10 लीग के महत्व के बारे में बताया। साथ ही टेनिस बॉल क्रिकेट में भारत की बढ़ते प्रभाव का भी जिक्र किया।
पढ़ें ब्रेट ली से अमर उजाला की बातचीत के प्रमुख अंश...
1. एलएलसी टेन-10 लीग किस तरह से युवाओं के भविष्य को बनाने में मदद करेगी?
ब्रेट ली: यह टूर्नामेंट काफी दिलचस्प है। मैं उस समय में वापस जा चुका हूं, जब मैं युवा हुआ करता था और क्रिकेट खेलता था। तब मैं भी टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलता था। तब इस तरह की लीग नहीं होती थीं। ऐसे में अभी के युवाओं के पास इस टूर्नामेंट के जरिये प्रतिभा दिखाने का मौका है। उन्हें भारत में एक बड़ा प्लेटफॉर्म मिल रहा है। इसलिए मुझे यहां आकर और एलएलसी टेन-10 का हिस्सा बनकर काफी अच्छा लग रहा है।
2. लेदर बॉल की लीग से टेनिस बॉल की लीग किस तरह अलग है? क्या भारत में टेनिस बॉल क्रिकेट का भविष्य उज्जवल है?
ब्रेट ली: हां बिल्कुल! एलएलसी टेन-10 ने यही किया है। 12 टीमों के खिलाड़ी अपनी-अपनी प्रतिभा दुनिया के सामने रखी। यह एक स्टेपिंग स्टोन है। यह एक प्लेटफॉर्म है, जहां भारत के कई क्षेत्रों से खिलाड़ी आ रहे हैं और अच्छा क्रिकेट खेलकर अपनी प्रतिभा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके द्वारा उन्हें अन्य गेंद की लीग में भी टैलेंट दिखाने का मौका मिल सकता है।
3. ब्रेट ली इन युवाओं को क्या सीख देना चाहते हैं?
ब्रेट ली: मैं चाहूंगा कि सबसे पहले ये खिलाड़ी क्रिकेट को एंजॉय करें। वे उस खेल का हिस्सा हैं, जिससे हम सभी प्यार करते हैं। मेरे पास जो भी अनुभव है, वह मैं बाकी खिलाड़ियों को बताने की कोशिश करूंगा। इस लीग से जुड़े ज्यादातर खिलाड़ियों से मेरी बात हुई है। वह इस लीग को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसका मैं दावा कर सकता हूं।
4. चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर क्या कहना चाहेंगे?
ब्रेट ली: मैं सभी टीमों को शुभकामनाएं देता हूं।
ब्रेट ली का करियर
ब्रेट ली ऑस्ट्रेलिया के स्ट्राइक तेज गेंदबाज रह चुके हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 1999 में मेलबर्न में भारत के खिलाफ किया था। वहीं, ली ने पहला वनडे जनवरी 2000 में पाकिस्तान के खिलाफ ब्रिस्बेन में खेला था। ब्रेट ली ने पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय 2005 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेला था। उन्होंने जुलाई 2012 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। ली ने अंतरराष्ट्रीय करियर में 76 टेस्ट, 221 वनडे और 25 टी20 खेले। टेस्ट में उनके नाम 310 विकेट, वनडे में 380 विकेट और टी20 में 28 विकेट हैं। टेस्ट में उनकी सर्वश्रेष्ट गेंदबाजी 30 रन देकर पांच विकेट, वनडे में 22 रन देकर पांच विकेट और टी20 में 23 रन देकर तीन विकेट है। ली टेस्ट में 10 बार फाइव विकेट हॉल ले चुके हैं। वहीं, वनडे में उनके नाम नौ फाइफर है।
ली आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में 38 मैचों में 25 विकेट लिए। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 7.50 का रहा। 15 रन देकर तीन विकेट आईपीएल में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। ब्रेट ली ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ कई आईसीसी टूर्नामेंट्स भी जीत चुके हैं। इनमें 2003 वनडे विश्व कप, 2006 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी, 2009 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। ली टी20 अंतरराष्ट्रीय में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने ऐसा 2007 टी20 विश्व कप के दौरान किया था।