न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ग्लोबल टी-20 कनाडा लीग के समाप्त होने के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कह देंगे। टोरंटो नेशनल्स की तरफ से खेल रहे मैकुलम ने 2016 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था। हालांकि वह दुनिया भर की टी-20 लीग में खेल रहे थे।
इस 37 वर्षीय खिलाड़ी ने 101 टेस्ट मैचों में 12 शतकों से 6453 और 260 वनडे में पांच शतकों की मदद से 6083 रन बनाए हैं। वहीं 71 टी20 में 2140 रन बनाए हैं। मैकुलम ने कहा, ‘मैं गर्व और संतुष्टि के साथ जी टी-20 कनाडा की समाप्ति के बाद सभी तरह की क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर रहा हूं’।
मैकुलम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने 101वें टेस्ट मैच के बाद 2016 में ही संन्यास ले लिया था। 37 साल के मैकुलम की कप्तानी में ही न्यूजीलैंड की टीम 2015 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी। हालांकि खिताबी मुकाबले में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
ब्रैंडन मैकुलम टी-20 क्रिकेट के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं, जो इस प्रारूप में दस हजार रन बना चुके हैं। मैकुलम के नाम 6453 टेस्ट रन, 6 083 वनडे रन और 2140 टी-20 रन है।
टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 107 छक्के लगाने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम है। टेस्ट इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड भी मैकुलम के नाम ही है। उन्होंने 2016 में अपने आखिरी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 54 गेंदों पर शतक जड़ते हुए यह कारनामा किया था।