ऑस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन ने बुधवार को कहा उनकी टीम न्यू जीलैंड के खिलाफ गुरुवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। पेन ने कहा कि फैसला आखिरी क्षणों में पिच को देखने के बाद ही किया जाएगा, लेकिन हालातों के अनुसार संभावना पांच गेंदबाजों के साथ उतरने की है और ऐसे में क्वीन्सलैंड के पेसर माइकल नेसेर डेब्यू कर सकते हैं।
पेन ने पत्रकारों से कहा, ‘टीम के बारे में कल पता चलेगा। विकेट कैसा होगा यह अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन हम दोनों परिस्थितियों (पांच गेंदबाजों के साथ खेलने या नहीं खेलने) के लिए तैयार हैं। हमने दिमाग में दो अलग टीमों का खाका तैयार कर रखा है। हम अंतिम फैसला कल करेंगे।’
ऑस्ट्रेलिया अमूमन चार विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ खेलता रहा है, जिनमें तीन पेसर्स और एक स्पिनर शामिल होता है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार इससे पहले वह 2013 में श्रीलंका के खिलाफ सिडनी टेस्ट मैच में पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ उतरा था। अगर वह पांच गेंदबाजों के साथ उतरता है तो मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, नाथन लियोन के साथ नेसेर को रखा जा सकता है जबकि चोटिल जोश हेजलवुड की जगह जेम्स पैटिनसन लेंगे। ऐसे में ट्रेविस हेड को बाहर बैठना पड़ सकता है।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने चोट से उबरने के बाद वापसी की है जबकि जीत रावल की जगह शीर्ष क्रम में टॉम ब्लंडेल को रखा गया है। बोल्ट पर्थ में पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे, जिसमें उनकी टीम को 296 रन से हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन उन्होंने अपनी फिटनेस पर काम किया और वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर 1987 के बाद अपनी टीम के पहले बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच खेलने के लिए बेताब थे। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने इसके साथ ही पुष्टि की अमूमन मध्यक्रम में खेलने वाले ब्लंडेल को रावल की जगह टीम में लिया गया है और वह टॉम लाथम के साथ पारी का आगाज करेंगे।