भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मैदान में वापसी के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। दुनियाभर में कोरोना महामारी के नए मामलों को खतरे को देखते हुए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने भारत के साथ अगले महीने होने वाली घरेलू सीरीज को एक बार फिर से स्थगित कर दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि भारत के खिलाफ निर्धारित घरेलू श्रृंखला जो मूल रूप से अगले महीने के लिए तय थी, उसे अगले सत्र के लिए स्थगित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि महामारी की वजह से 2021 में न्यूजीलैंड में होने वाली एकदिवसीय विश्व कप को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसे देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए भारत के साथ द्विपक्षीय श्रृंखला को आगे बढ़ा दिया है। यही नहीं नए प्लान के मुताबिक दोनों देशों के बीच अब तीन टी-20 मैच और इतने ही मैचों की वनडे श्रृंखला भी खेली जाएगी।
सीरीज के स्थगित होने का मतलब है कि मैदान में लौटने के लिए भारतीय महिला टीम का इंतजार और बढ़ गया है। टीम ने अपना आखिरी मुकाबला मार्च में टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेला था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निक हॉकली ने एक बयान में कहा, ‘हमें उम्मीद है कि अगले सत्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच बड़ी श्रृंखला खेली जाएगी जो दोनों देशों के दर्शकों के लिए काफी रोमांचक होगी।’ इसमें कहा गया, ‘पहले यह दौरा इसी सत्र में होना था लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे अगले सत्र तक स्थगित कर दिया गया।’