मशहूर रिएलिटी शो बिग बॉस का 19वां सीजन फैमिली वीक में पहुंच चुका है। शुक्रवार को भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज दीपक चाहर अपनी बहन मालती चाहर से मिलने बिग बॉस के घर पहुंचेंगे। जियोहॉटस्टार की तरफ से जारी किए गए वीडियो में तेज गेंदबाज ने घरवालों से खास मांग की, अब देखना होगा कि क्या उनकी खास डिमांड पूरी होती है या नहीं।
मालती बनाएंगी दीपक के लिए खाना?
जियोहॉटस्टार की तरफ से जारी किए गए प्रोमो में दीपक अपनी बहन मालती की खिंचाई करते दिख रहे हैं। दरअसल, दीपक जब घर में पहुंचते हैं तब मालती गार्डन में सोफे पर सो रहीं होती हैं। तब दीपक उन्हें डराकर उठाते हैं। इसके बाद दोनों हग (गले मिलना) करते हैं और घर के सदस्यों से मिलते हैं। इस दौरान दीपक घरवालों के सामने डिमांड रखते हैं कि वह सिर्फ आज मालती के हाथों से बना खाएंगे। दीपक का आरोप है कि उनकी बहन घर पर कभी खाना नहीं बनाती हैं। इससे घर वाले भी काफी खुश होते हैं। गौरव को कहते सुना गया, 'मालती सोच रही होगी मेरे घर से कोई क्यों आया!'
बिग बॉस 19 में रोमांच जारी
बीते रविवार को ‘बिग बॉस 19’ से कोई बाहर नहीं हुआ। अब शो में टॉप 9 कंटेस्टेंट्स बचे हैं। इनके नाम हैं, गौरव खन्ना, प्रणित मोरे, अमाल मलिक, अशनूर कौर, कुनिका सदानंद, तान्या मित्तल, फरहाना भट्ट, मालती चाहर और शहबाज बदेशा। देखना होगा कि इस हफ्ते शो से कौन बाहर होता है। फिलहाल फैमिली वीक जारी है, जिसमें सभी कंटेस्टेंट्स के घर वाले आकर उनसे मिल रहे हैं।