इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों के मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को आईसीसी ने माह के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्का के लिए नामांकित किया है। भुवी के अलावा पुरुष वर्ग में अन्य खिलाड़ियों में अफगानिस्तान के शीर्ष लेग स्पिनर राशिद खान और जिम्बाब्वे के सीन विलियम्स शामिल हैं।
महिलाओं के वर्ग में भारत की राजेश्वरी गायकवाड़, दक्षिण अफ्रीका की लिजले ली और भारत की पूनम राउत शामिल हैं। राजेश्वरी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच वनडे खेलीं और वह सफेद गेंद की दोनों सीरीज में टीम की सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली खिलाड़ी रहीं, उन्होंने वनडे में आठ और टी20 में चार विकेट झटके। पूनम राउत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच वनडे में कुल 263 रन बनाए। वह इस सीरीज में भारत की शीर्ष रन स्कोरर रहीं, उन्होंने इन मैचों में एक शतक और दो अर्धशतक जड़े। दक्षिण अफ्रीका की टीम में लिजले ली ने चार वनडे में एक शतक और दो अर्धशतक जमाए जिससे वह आईसीसी बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गईं।
पिछले माह भुवनेश्वर ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे खेले थे, जिसमें उन्होंने 4.65 के इकॉनमी रेट से छह विकेट चटकाए। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले थे, जिसमें उन्होंने 6.38 के शानदार इकोनोमी रेट की बदौलत चार विकेट हासिल किए। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई सफेद गेंद की सीरीज में वह दोनों टीमों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे।
राशिद और विलियमसन का प्रदर्शन
राशिद ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी टीम की जीत के दौरान 11 विकेट झटके और इसके बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3-0 की जीत में छह विकेट भी हासिल किए। जिम्बाब्वे से विलियम्स ने अफगानिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट खेले जिसमें उन्होंने कुल 264 रन बनाए और दो विकेट प्राप्त किए। उन्होंने इसके बाद तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले, जिसमें उन्होंने 128.57 के स्ट्राइक रेट से 45 रन बनाए।