क्रिकेट का त्योहार आईपीएल शुरू होने में अब बस कुछ दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में बीसीसीआई ने एंटी करप्शन हेड के तौर पर नए अधिकारी को नियुक्त किया है। यह सट्टेबाजी से लेकर क्रिकेटर्स की हर हरकत पर नजर रखेंगे। आईपीएल, सट्टेबाजी और फिक्सिंग का संबंध पुराना है।
पहले भी कई बार आईपीएल पर बुकियों द्वारा सट्टेबाजी और फिक्सिंग मामले सामने आए हैं। हर साल बीसीसीआई सट्टेबाजी को रोकने और आईपीएल में हो रही फिक्सिंग को लेकर सजग रहता है। पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
इस साल बीसीसीआई ने गुजरात के पूर्व डीजीपी शब्बीर हुसैन एस. खंडवावाला को एंटी करप्शन यूनिट का प्रमुख घोषित किया है। इससे पहले राजस्थान के पूर्व डीजीपी अजीत सिंह यह जिम्मेदारी संभालते थे। अजीत सिंह का कार्यकाल 31 मार्च 2021 को समाप्त हो चुका है। 9 अप्रैल से शुरू होने जा रहे आईपीएल से पहले शब्बीर हुसैन बुधवार को चेन्नई जाएंगे। इससे पहले बोर्ड के कामकाज को समझने के लिए शब्बीर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए आखिरी वनडे मुकाबले में भी मौजूद थे।
एंटी करप्शन हेड चुने जाने पर शब्बीर हुसैन ने कहा कि 'यह गर्व की बात है कि मैं बीसीसीआई का हिस्सा बना हूं। इस खेल के प्रति मेरा प्यार और मेरा अनुभव यहाँ जरूर काम आएगा।' इससे पहले शब्बीर हुसैन केंद्र की लोकपाल सर्च समिति के भी सदस्य रहे हैं। बीसीसीआई हमेशा से ही भ्रष्टाचार रोकने के मामले में काफी गंभीर रहा है। ऐसे में आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट को संभालना और इसे भ्रष्टाचार से दूर रखना नए प्रमुख के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी होगी।