फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bengaluru Stampede: आरसीबी ने कहा- सरकार और न्यायिक अधिकारियों के साथ सहयोग करेंगे, KSCA पर भी गिर सकती है गाज

Fri, 06 Jun 2025 09:23 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

फ्रेंचाइजी के एक सूत्र ने बताया, 'हम फिलहाल कानूनी कार्रवाई पर टिप्पणी नहीं कर सकते लेकिन हम सभी सरकारी और न्यायिक अधिकारियों के साथ सहयोग करेंगे।'
विज्ञापन
आरसीबी टीम - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आलोचनाओं से घिरे आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कहा है कि वह चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ के मामले में उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद सभी कानूनी कार्रवाई में सहयोग करेगा। इस भगदड़ में 11 लोग मारे गए थे। आरसीबी, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और इवेंट मैनेजमेंट फर्म डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन

फ्रेंचाइजी के एक सूत्र ने बताया, 'हम फिलहाल कानूनी कार्रवाई पर टिप्पणी नहीं कर सकते लेकिन हम सभी सरकारी और न्यायिक अधिकारियों के साथ सहयोग करेंगे।' यह त्रासदी तब हुई जब करीब ढाई लाख लोग आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद आरसीबी क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम और इसके आसपास उमड़ पड़े। इसके परिणामस्वरूप मची भगदड़ में बुधवार को 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार यह मामला कब्बन पार्क पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 105 (गैर इरादतन हत्या), 115 (जान-बूझकर चोट पहुंचाना), 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों का इस्तेमाल करके जान-बूझकर चोट या गंभीर चोट पहुंचाना), 190 (सामान्य उद्देश्य की प्राप्ति में किए गए अपराधों के लिए गैरकानूनी जमावड़े में शामिल लोगों की जिम्मेदारी), 132 (लोक सेवक को अपने कर्तव्य का निर्वहन करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 125(12) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य) और 121 (किसी अपराध के लिए उकसाना) के तहत दर्ज किया गया है।

इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के सिलसिले में बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद और कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया।  उन्होंने आरसीबी टीम, इवेंट मैनेजमेंट फर्म डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के प्रतिनिधियों को गिरफ्तार करने के भी आदेश दिए। 

राज्य सरकार की यह कार्रवाई भाजपा द्वारा चौतरफा हमले के बीच हुई है, जिसने सिद्धारमैया और उनके डिप्टी डी के शिवकुमार के इस्तीफे की मांग की है और सरकार पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया है। कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना की कर्नाटक के सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति माइकल डी'कुन्हा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक जांच की भी घोषणा की। सिद्धारमैया ने कहा, 'हमने आयोग को 30 दिनों में रिपोर्ट देने को कहा है।'

उन्होंने कहा, 'मंत्रिमंडल ने कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन के सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर ए के गिरीश और सहायक पुलिस आयुक्त सी बालाकृष्ण, केंद्रीय संभाग के पुलिस उपायुक्त शेखर एच टेक्कन्नावर, स्टेडियम के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विकास कुमार और बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त दयानंद को तत्काल निलंबित करने का भी निर्णय लिया है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य के डीजीपी और आईजीपी को आरसीबी, डीएनए इवेंट मैनेजर और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के प्रतिनिधियों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन

आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सीमांत कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन टास्क फोर्स को 'तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया है और अगले आदेश तक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और बेंगलुरु पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है।' यह भगदड़ बुधवार शाम को स्टेडियम के बाहर हुई, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम की पहली आईपीएल जीत के जश्न में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे। पुलिस ने बताया कि कब्बन पार्क थाने के एक पुलिस निरीक्षक की शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें