फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy: आंध्र को हराकर रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचा बंगाल, घरामी के बाद चमके शाहबाज अहमद

Tue, 10 Feb 2026 05:08 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कल्याणी

सार

बंगाल ने आंध्र के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। बंगाल रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच चुका है।
विज्ञापन
रणजी ट्रॉफी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आंध्र को पारी और 90 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बंगाल का सामना अब सेमीफाइनल में 15 फरवरी से जम्मू-कश्मीर के खिलाफ होगा, जबकि एक अन्य सेमीफाइनल में उत्तराखंड का मुकाबला कर्नाटक से खेला जाएगा। बंगाल के लिए इस मैच में पहले सुदीप कुमार घरामी ने शानदार बल्लेबाजी की और फिर शाहबाज अहमद की अगुआई में गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया। 
विज्ञापन

बंगाल ने हासिल की थी बड़ी बढ़त
आंध्र की पहली पारी के 295 रन के जवाब में बंगाल ने अपनी पहली पारी में 629 रन बनाकर 334 रन की बड़ी बढ़त हासिल की थी। आंध्र की टीम दूसरी पारी में केवल 244 रन ही बना सकी। आंध्र ने खेल के पांचवें और अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 64 रन से आगे बढ़ाई। यह पहले ही तय हो चुका था कि वह सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा लेकिन उसका लक्ष्य सीधी हार से बचना था जिसमें वह नाकाम रहा।

शाहबाज की अगुआई में गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
बंगाल के गेंदबाजों ने बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद की अगुआई में आंध्र के बल्लेबाजों को नहीं चलने दिया। शाहबाज ने 72 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि सूरज सिंधु जायसवाल ने दो विकेट लिए। आकाश दीप, सुमंता गुप्ता और अनुस्तुप मजूमदार ने एक-एक विकेट हासिल किया। भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आंध्र की दूसरी पारी में केवल तीन ओवर ही किए। शमी ने 53 रन बनाकर बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया था।
विज्ञापन

नीतीश पर टिका था दारोमदार
आंध्र के लिए नीतीश कुमार रेड्डी ही एकमात्र उम्मीद की किरण थे, क्योंकि इस भारतीय ऑलराउंडर ने दृढ़ता से बल्लेबाजी करते हुए 144 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 90 रन बनाए। बंगाल को दोबारा बल्लेबाजी कराने के लिए आंध्र को दिन के शुरू में 270 रन की जरूरत थी, जिसके लिए रेड्डी और रिकी भुई (30) के बीच साझेदारी की जरूरत थी, लेकिन शाहबाज ने भुई को जल्द ही पवेलियन भेज दिया। वह अपने कल के स्कोर में केवल 12 रन ही जोड़ सके। शाहबाज ने इसके बाद सौरभ कुमार और नीतीश कुमार रेड्डी को भी आउट किया। त्रिपुराना विजय (46) और कालिदिंडी राजू (25) ने कुछ रन बनाए लेकिन वे केवल हार का अंतर ही कम कर पाए। विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें